आधी रात हुए 23 आईएएस अफसरों के तबादले

भोपाल
बड़े प्रशासनिक फेरबदल अब सरकार आधी रात को ही कर रही है। पिछली बार भी रात बारह बजे आईएएस अधिकारियों के तबादले किए गए थे और अब लगातार दूसरी बार सरकार ने रात दो बजे 23 आईएएस अफसरों की तबादला सूची जारी की है। आकाश त्रिपाठी और हरजिंदर सिंह के तबादले सरकार ने निरस्त कर दिए है। कई अधिकारियों के अतिरिक्त प्रभार भी खत्म किए गए है। आशुतोष अवस्थी को जबलपुर और मनोहर दुबे को सागर कमिश्नर बनाया गया है।  

राज्य सरकार अफसरों के पूर्व में किए गए तबादले निरस्त भी किए और कुछ अधिकारियों को दिए गए अतिरिक्त प्रभार वापस ले लिए। पिछली बार तीस अप्रैल को भी राज्य सरकार ने 18 आईएएस अधिकारियों की तबादला सूची रात बारह बजे के बाद जारी की थी। इस बार तो तबादला सूची राज दो बजे जारी की गई। तबादलों में संशोधन से बचने के लिए राज्य सरकार अब आधी रात को तबादले कर रही है। हालाकि तबादला सूची में नेताओं की पसंद का पूरा ध्यान रखा गया है। इसी के चलते बार-बार संशोधन होते रहे और सूची देर रात जारी हो पाई।

इनका अतिरिक्त प्रभार हुआ समाप्त
संजय शुक्ला को एमडी मध्यप्रदेश पश्चिम क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी इंदौर, विवेक अग्रवाल को आयुक्त नगरीय प्रशासन, जयश्री कियावत को आयुक्त महिला सशक्तिकरण,संदीप यादव को एकीकृत बाल विकास सेवा मध्यप्रदेश तथा पदेन मिशन संचालक अटल बिहारी बाजपेयी बाल आरोग्य एवं पोषण मिशन तथा आयुक्त विमानन के अतिरिक्त प्रभार खत्म किया गया है।