एक साथ सजेंगी 2700 थालियां, 20 मिनट में 21600 लोग खाएंगे खाना

 
इंदौर 

दाऊदी बोहरा समाज के 53वें धर्मगुरु सैयदना मुफद्दल सैफुद्दीन मौला के दीदार और वाअज में शामिल होने तीन लाख से अधिक लोग शहर आएंगे। इनके लिए समाजजन ने भोजन की खास व्यवस्था की है। सांघी ग्राउंड ट्रांसपोर्ट नगर में तीन डोम बनाए गए हैं। यहां वाअज के दौरान खाना पकाया जाएगा। हर दिन के खाने का मैन्यू अलग-अलग होगा। एक साथ 2700 थालियां सजेंगी। 20 मिनट में 21600 लोग खाना खाएंगे।
 
नजाकत कमेटी के सादिक खान के अनुसार मैन्यू में प्रतिदिन दिन एक सब्जी, एक दाल, मांडे, सलाद, एक मीठा, एक नमकीन और नारियल पानी रहेगा। प्रतिदिन सवा लाख नारियलों का पानी वितरित किया जाएगा। खाना पकाने के लिए 300 चूल्हों का इस्तेमाल होगा। इसमें 5 हजार अधिक लोग सेवाएं देंगे। सैफीनगर के अलावा करीब 12 स्थानों पर वाअज सुनने की व्यवस्था की गई है। उनके लिए भी यहां से खाना भेजा जाएगा। इसमें हुसैनी मोहल्ला, मुस्कीन ए सैफिया, हसनजी नगर, राऊ, बदरी मोहल्ला छावनी, बुरहानी मोहल्ला सियागंज, सैफी मोहल्ला, नूरानी नगर, अम्मार नगर, मुफद्दल नगर आदि शामिल हैं।
 

एक दिन बनेगा शाकाहारी खाना

हर दिन खाने का मैन्यू अलग होगा। सैयदना साहब के आगमन पर 6 सितंबर को खाने में गोश्त, बिरयानी, गुड़ का मलीदा, दाल-चावल, सलाद और नारियल पानी रहेगा। 12 सितंबर से शुरू हो रही नौ दिनी वाअज में एक दिन शाकाहारी भोजन भी रहेगा। समाजजन के अनुसार इसकी तारीख 13 सितंबर रहेगी।

 
- 1 लाख 25 हजार नारियलों का पानी बंटेगा

- 3 लाख लीटर पानी का रोज इस्तेमाल।


 

- 32 हजार मांडे हर दिन बनेंगे।

- 35 हजार वर्गफीट में रहेगा किचन।
 

- 22 हजार वर्गफीट में स्टोर रूम।

- 50 हजार लीटर पानी की क्षमता वाले तीन वाटर फिल्टर लगेंगे।