जनता तय करे प्रदेश का विकास हो या विनाश 

बैतूल /मुलताई

मैं लोगों की जिंदगी बदलना चाहता हूं और उसी के मिशन पर निकला हूं। लेकिन कांग्रेसी कहते हैं हमें शिवराज को बदलना है। अब यह जनता को तय करना है कि वह विकास के उस रास्ते पर चलना चाहती है, जिस पर भाजपा की सरकार ने पिछले 15 सालों में कदम बढ़ाए हैं, या फिर उस विनाश के रास्ते पर, जहां कांग्रेस प्रदेश को ले जा रही थी।

यह बात मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान ने मंगलवार को बैतूल जिले में आयोजित विभिन्न सभाओं में कही। बैतूल में सभा के दौरान राजेश सरयाम के नेतृत्व में आम आदमी पार्टी के एक हजार कार्यकर्ताओं ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण की, वहीं मुख्यमंत्री ने मुलताई में 400 करोड़ की लागत वाले पारसडोह बांध का लोकार्पण भी किया।

चौहान ने सभा में कहा कि मैं जब पिछली बार मुलताई आया था, तब आपसे वादा किया था। आज बांध लोकार्पण कर उसे पूरा कर दिया। हमारी सरकार ने बैतूल जिले के किसानों के विकास के लिए अभी तक 27 छोटे बांध दिए हैं। अब 400 करोड़ रुपए की लागत के पारसडोह बांध से क्षेत्र के किसानों को काफी सहूलियत होगी और उनकी फसलों का उत्पादन भी बढ़ेगा।

चौहान ने पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि उन्होंने प्रदेश की शिक्षा व्यवस्था को चौपट कर दिया। 500 रुपए महीने पर शिक्षाकर्मी रखने वाले दिग्विजय सिंह को प्रदेश कभी माफ नहीं करेगा। मुख्यमंत्री ने बैतूल में सर्वसुविधायुक्त पब्लिक स्कूल खोले जाने की घोषणा करते हुए कहा कि यह स्कूल प्रदेश में अपनी तरह का पहला स्कूल होगा। नए शिक्षा सत्र में जिले भर के बच्चे इसमें पढ़ने आ सकेंगे। मुलताई में शीघ्र ही ताप्ती आईटीआई कॉलेज खोला जाएगा, ताकि स्थानीय युवाओं को आईटीआई करने बाहर न जाना पड़े। स्थानीय डिग्री कॉलेज में नए शिक्षा सत्र से साइंस की कक्षाएं भी शुरू कर दी जाएंगी।

पर्यटन केंद्र बनेगा मुलताई

मुलताई में मुख्यमंत्री ने कहा कि मुलताई को प्रदेश और देश के श्रेष्ठ पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित किया जाएगायहां पर्यटन की असीम संभावनाएं हैं। मुलताई मां ताप्ती की उद्गम स्थली है, इसलिए यह स्थान ज्यादा विकसित हो सकता है। संबल योजना में अभी तक मजदूर वर्ग को शामिल किया गया था, लेकिन अब छोटे दुकानदारों को भी इस योजना का लाभ मिलेगा बशर्ते वह गरीब हों। हमने किसानों की मांग पर ढाई एकड़ की जगह 5 एकड़ तक के किसानों को इस योजना में शामिल किया है। मुख्यमंत्री ने संबल योजना के फायदे गिनाते हुए बताया कि इसके तहत 200 रुपए प्रतिमाह में बिजली मिलेगी और बाकी पैसा सरकार भरेगी। सभाओं में भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष व सांसद प्रभात झा भी मौजूद थे।