जिले में जैन मंदिर से अष्टधातु की 22 प्राचीन मूर्तियां चोरी
शिवपुरी
मध्यप्रदेश के शिवपुरी जिले के खनियाधाना थाना क्षेत्र में ग्राम अछरौनी के जैन मंदिर से गुरुवार अलसुबह अष्टधातु की बनीं 22 मूर्तियां चोरी हो गईं. इससे डेढ़ माह पहले खनियाधाना के राम-जानकरी मंदिर से 15 करोड़ रुपए कीमत का कलश चोरी जा चुका है. शिवपुरी जिले में पुलिस हत्या, लूट और चोरी की कई घटनाओं का कोई सुराग नहीं लगा पाई है. वह केवल खानापूर्ति में जुटी है.
जैन मंदिर के उपाध्यक्ष भरतेश जैन के अनुसार ये मूर्तियां काफी प्राचीन थीं और अंतरराष्ट्रीय बाजार में इनकी कीमत एक से डेढ़ करोड़ रुपए के लगभग है. गुरुवार अलसुबह चोरों ने मंदिर में चोरी की घटना को अंजाम दिया. वे कांच के बॉक्स में रखी मूर्तियां ले उड़े.
आपको बता दें कि गत 26 जुलाई को भी खनियाधाना के ही एक राम-जानकी मंदिर से लगभग 15 करोड़ रुपए कीमत का एक कलश चोरी हो गया था, जिसे पुलिस अब तक तलाश नहीं पाई है. अब चोरी की एक और बड़ी वारदात हो गई.
इससे पहले मंगलवार को शिवपुरी में एक पॉश इलाके से लूट एवं महिला की हत्या पुलिस के लिए पहले ही चुनौती बनी हुई थी. अब इस घटना ने पुलिस के सामने एक और मुसीबत खड़ी कर दी है. शिवपुरी जिले में लगातार ताबड़तोड़ वारदातों से पुलिस महकमे के आला अधिकारी से लेकर थाना क्षेत्रों की पुलिस के लिए संकट के बादल मंडरा रहे हैं.
bhavtarini.com@gmail.com 