टीआई देवेन्द्र चंद्रवंशी की कोरोना वायरस से मौत, अरविंदो अस्पताल में चल रहा था इलाज
इंदौर
मध्य प्रदेश के इंदौर (Indore) में कोरोना लगातार अपने पैर पसार रहा है. कोविड -19 (COVID-19) से आम जनता महफूज रहे इसलिए पुलिस कर्मी लगातार मैदान में डट कर अपना फर्ज निभा रहे हैं, लेकिन पिछले कुछ समय से पुलिस कर्मी भी इसके शिकार हो रहे हैं. कुछ समय पहले जूनी इंदौर थाना प्रभारी देवेंद्र चंद्रवंशी भी कोरोना से संक्रमित पाए गए थे. जिसके बाद उनका इलाज इंदौर के अरविंदो अस्पताल में चल रहा था. अब खबर आ रही है कि शनिवार को टीआई देवेन्द्र ने कोरोना वायरस के चलते दम तोड़ दिया है. इस खबर के बाद से ही पूरे पुलिस महकमे में सदमे का माहौल है.
इससे पहले शनिवार को पंजाब के लुधियाना में कोरोना पॉजिटिव पाए गए एसीपी अनिल कोहली की मौत हो गई. ACP कोहली एसपीएस अस्पताल में कई दिनों से वेंटिलेटर पर थे. उन्हें 13 अप्रैल को कोरोना वायरस से संक्रमित पाया गया था. वहीं अब एसीपी की पत्नी और उनके ड्राइवर की रिपोर्ट भी आ गई है. वो दोनों भी कोरोना से संक्रमित पाए गए हैं.
लुधियाना जिले के जनसंपर्क ऑफिस ने बताया, 'लुधियाना के असिस्टेंट कमिश्नर ऑफ पुलिस (ACP) अनिल कोहली की कोविड-19 की वजह से मौत हो गई. वह लुधियाना के एसपीएस हॉस्पिटल में भर्ती थे, जहां उनका इलाज चल रहा था.'
मध्य प्रदेश में कोरोना मरीजों की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है. अब तक यहां इसके 1402 पॉजिटिव केस सामने आ चुके हैं. मध्य प्रदेश संचालनालय स्वास्थ्य सेवाएं द्वारा शनिवार रात जारी नोवेल कोरोना वायरस कोविड-19 मीडिया बुलेटिन के मुताबिक, राज्य में अब तक 69 लोगों की इस कारण जान जा चुकी है. वहींं, अकेले इंदौर में अब तक 48 लोगों की इससे मौत हो चुकी है.
मध्य प्रदेश की आर्थिक राजधानी और मिनी मुंबई के नाम से मशहूर इंदौर में कोरोना वायरस से संक्रमित मरीजों की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है. देश में कोरोना वायरस से सबसे ज्यादा प्रभावित जिलों में शामिल इंदौर में 891 पॉजिटिव केस मिले हैं, जिनमें से अब तक 48 की मौत हो चुकी है. जबकि 71 मरीज पूरी तरह स्वस्थ हो चुके हैं.
bhavtarini.com@gmail.com 
