तीन पीढ़ियों से सिंधिया परिवार के पारिवारिक रिश्ते : पूर्व महापौर कृष्ण मुरारी मोघे
इंदौर
पूर्व महापौर कृष्ण मुरारी मोघे ने ज्योतिरादित्य सिंधिया के परिवार के साथ तीन पीढ़ियों का पारिवारिक संबंध होने का खुलासा करते हुए स्वीकार किया है कि सिंधिया परिवार से उनके पारिवारिक रिश्ते हैं। मोघे ने कहा है कि पूर्व केंद्रीय मंत्री स्व. माधवराव सिंधिया ने जब गुना से पहला चुनाव लड़ा था तो उस चुनाव की कमान मोघे के हाथों मे थी। इसलिए सिंधिया परिवार से उनका पारिवारिक नाता है। राजमाता विजयाराजे सिंधिया से तो उनके संबंध थे ही, इसलिए तीन पीढ़ियों का उनका संबंध है।
मोघे ने कहा कि राजमाता सिंधिया के कहने पर माधवराव ने जनसंघ से पहला चुनाव गुना से लड़ा था, तब गुना में उन्होंने सिंधिया के चुनाव की कमान संभाली थी। मोघे के अनुसार वे उस समय गुना में आरएसएस के जिला प्रचारक थे। भाजपा की संस्थापक राजमाता द्वारा पार्टी गठन के बाद माधवराव सिंधिया भले ही कांग्रेस में चले गए थे लेकिन पहले राजमाता, फिर माधवराव और उसके बाद ज्योतिरादित्य के परिवार से उनके पारिवारिक संबंध हैं।
मोघे के सिंधिया के साथ पारिवारिक संबंध दो जुलाई को तब अचानक चर्चा में आ गए थे जब पार्टी कार्यालय में हो रही बैठक में सिंधिया मंच पर बैठे तो उन्होंने मोघे को सामने वाली पंक्ति पर दर्शक दीर्घा में बैठे देखा। इसके बाद सिंधिया मोघे के पास पहुंचे और उनका हाथ पकड़कर मंच पर लाए और वहां बैठाया। मंच से उन्होंने कहा था कि मोघे उनके आदरणीय हैं और सिंधिया परिवार से उनका तीन पीढ़ियों का पारिवारिक रिश्ता है। सिंधिया का यह बयान राजनीतिक गलियारों में चर्चा में रहा था।
bhavtarini.com@gmail.com 