दस साल का हुआ विभाग, कर्मचारी बोले हमें सम्मान नहीं वेतन चाहिए
भोपाल
सुशासन और लोक सेवा को बढ़ावा देने के लिये राज्य सरकार उत्कृष्ट काम करने वाली संस्थाओं, व्यक्तियों का सम्मान करेगी। यह सम्मान लोक सेवा प्रबंधन विभाग के दस साल पूरे होने पर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान द्वारा सुशासन को बढ़ावा देने के लिए देने का फैसला किया गया है। इसमें सर्वोत्तम जिले, लोकसेवक और लोकसेवा केंद्र को प्रशस्ति पत्र दिया जाएगा। उधर लोक सेवा प्रबंधन विभाग में काम करने वाले कर्मचारियों का कहना है कि उन्हें दस साल की सेवा के बाद भी कलेक्टर रेट से कम वेतन मिल रहा है। सरकार उन्हें सम्मान देने के बजाय बेहतर वेतन देने का काम करे तो काम में उत्साह आएगा।
लोक सेवा प्रबंधन विभाग के प्रमुख सचिव मनीष रस्तोगी द्वारा इसके लिए संभाग और जिला स्तर पर ए और बी कैटेगरी में सम्मान के पात्र अफसरों और टीम का चयन करने के लिए मार्क्स के आधार पर चयन करने के निर्देश दिए हैं। इसके लिए 100 मार्क्स तय किये गए हैं और लोक सेवा गारंटी में प्राप्त आवेदन और निराकरण, समाधान एक दिवस में प्राप्त आवेदन और निराकरण, नागरिक सुविधा व्यवस्था तथा आधार केंद्रों के संचालन के लिए 25-25 अंक तय किये गए हैं जिसका योग 100 होता है। राज्य स्तर पर 3 जिले, 3 लोक सेवक और लोकसेवा गारंटी के 10 साल के क्रियान्वयन से जुड़े अधिकारियों और टीम को प्रशस्ति पत्र दिया जाएगा। निराकृत आवेदनों की समय अवधि 1 जुलाई 2020 से 21 दिसम्बर 2020 तक तय की गई है जिसके आधार पर वैल्यूएशन किया जाएगा।
जो केंद्र राज्य स्तरीय निरीक्षण में अनियमितता में लिप्त पाए गए हैं या जिन पर पेनाल्टी लगी है। ऐसे केंद्र प्रक्रिया में शामिल नहीं किये जा सकेंगे। इसके साथ ही अगर किसी जिले में 2 पदाभिहित अधिकारी को समान मार्क्स मिलेंगे तो जहां आवेदन अधिक आये होंगे उसे श्रेष्ठ माना जायेगा।
bhavtarini.com@gmail.com 
