नव चयनित जेल वार्डरों को छह अगस्त तक आवंटित होगी जेल 

नव चयनित जेल वार्डरों को छह अगस्त तक आवंटित होगी जेल 

 लखनऊ 
 सभी नव चयनित 3638 जेल वार्डरों (बंदी रक्षक) को छह अगस्त तक जेलों का आवंटन कर दिया जाएगा। यह कार्य मुख्यालय स्तर पर गठित कमेटी द्वारा किया जाएगा। डीजी जेल आनंद कुमार ने जेल वार्डरों को नियुक्ति पत्र जारी करने और विभिन्न जेलों पर उनकी तैनाती की प्रक्रिया समयबद्ध व पारदर्शी तरीके से पूर्ण किए जाने के निर्देश दिए हैं।


उन्होंने बताया कि उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड ने जेल वार्डर पुरुष के 3042 एवं जेल वार्डर महिला के 626 पदों पर अभ्यर्थियों का चयन करके चयन सूची जेल मुख्यालय को उपलब्ध करा दी है। तय प्रक्रिया के तहत छह अगस्त तक मुख्यालय स्तर पर गठित समिति नवचयनित अभ्यर्थियों को जेल आवंटित करने का कार्य पूर्ण कर लेगी। सात अगस्त से 14 अगस्त तक नवचयनित बंदी रक्षक अपनी आवंटित जेल की मंडल कारागारों के वरिष्ठ जेल अधीक्षक के समक्ष सभी मूल अभिलेखों और प्रमाणपत्रों के साथ रिपोर्ट करेंगे। फिर 16 अगस्त से 24 अगस्त तक वरिष्ठ जेल अधीक्षक रिपोर्ट कर चुके नवचयनित बंदी रक्षकों का मेडिकल परीक्षण करा कर मेडिकल रिपोर्ट, चरित्र प्रमाणपत्र व सेल्फ एफिडेविट सहित अन्य अभिलेखों को चेक करके नियुक्ति पत्र जारी करेंगे।