बिहार में अभी से सता रही गर्मी
पटना
बिहार में मौसम की स्थिति लगातार गर्म बनी हुई है। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार अगले एक पखवारे तक विभिन्न शहरों का पारा 32 से 34 डिग्री सेल्सियस के बीच रहेगा। इसी तरह न्यूनतम तापमान 14 से 16 डिग्री के बीच रहने के आसर हैं। अभी राज्य के अधिकतर शहरों का अधिकतम तापमान 32 से 34 के बीच है, जबकि न्यूनतम तापमान 17 से 20 के बीच। अधिकतम और न्यूनतम तापमान के बीच चार से पांच डिग्री का फर्क रहने की वजह से इतनी गर्मी महसूस हो रही है। सोमवार को भी राज्य के अधिकतर शहरों का तापमान सामान्य से चार से पांच डिग्री तक अधिक रहा। हालांकि मौसम विज्ञान केंद्र पटना के निदेशक विवेक सिन्हा ने कहा है कि पारे में फिलहाल इससे ज्यादा वृद्धि के आसार नहीं हैं।
लगातार पांचवे दिन सूरज के तेवर थोड़े तल्ख रहे। कई जगहों पर 18 किमी प्रतिघंटे की रफ्तार से पछुआ बहती रही। ग्रामीण व कई शहरी इलाकों में दोपहर में धूल भरी आंधी से लोग परेशान रहे। पटना, गया, भागलपुर, पूर्णिया और मुजफ्फरपुर में लोगों ने गर्मी झेली। रात में भी न्यूनतम तापमान के सामान्य से काफी ऊपर रहने से लोग परेशान रहे।
सूबे में शुष्क हवाओं का प्रवाह जारी है जिससे नमी की मात्रा लगातार कम हो रही है। पटना में सोमवार की शाम आर्द्रता 38 प्रतिशत रही, जबकि गया में यह 33 प्रतिशत। गया में अधिकतम तापमान में पिछले चौबीस घंटे में दो डिग्री की गिरावट दर्ज की गई है। मौसमविदों का कहना है कि आने वाले दिनों में आंधी-तूफान की स्थिति आने पर उच्च ताप से राहत मिलने के आसार है, लेकिन न्यूनतम तापमान सामान्य से एक से दो डिग्री तक ऊपर रहेगा।
bhavtarini.com@gmail.com 
