भारत को बड़ा झटका, टेस्ट सीरीज से पहले आर. अश्विन हुए चोटिल
नई दिल्ली
इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट सीरीज के शुरू होने से ठीक पहले भारतीय टीम को एक बड़ा झटका लगा है। टीम इंडिया के सबसे अनुभवी ऑफ स्पिनर आर. अश्विन प्रैक्टिस मैच के दौरान चोटिल हो गए हैं। आर. अश्विन को एसेक्स के खिलाफ जारी प्रैक्टिस मैच के पहले दिन चोट लगी। इसके बाद उन्होंने दूसरे दिन बल्लेबाजी और गेंदबाजी नहीं की। रिपोर्ट की मानें तो उनके दाएं हाथ में चोट है।
टीम के फिजियो ने हालांकि ऑफ स्पिनर की चोट को गंभीर नहीं बताया है। वह अभ्यास मैच के दूसरे दिन लंच ब्रेक में कुछ देर नेट्स में गेंदबाजी करते देखे गए। रिपोर्ट्स की मानें तो पहले टेस्ट में वह खेलेंगे या नहीं अभी तय नहीं है। अगर अश्विन की चोट गंभीर हुई तो भारत के लिए बड़ा झटका हो सकता है, क्योंकि वह गेंद और बल्ले दोनों से टीम के लिए उपयोगी साबित होते हैं। ऐसे में उनका चोटिल होना भारत को मुश्किल में डाल सकता है।
अश्विन के अलावा भारत के पास जडेजा और कुलदीप यादव के रूप में दो स्पेशलिस्ट स्पिनर हैं, लेकिन अनुभव के लिहाज से अश्विन इन दोनों पर भारी पड़ते हैं। गेंदबाजी में तो फिर भी ठीक है, लेकिन पिछले कुछ सालों में अश्विन ने बैटिंग में भी भारत के लिए काफी रन बनाए हैं।
वनडे और टी-20 सीरीज में कुलदीप यादव की गेंदों पर जिस तरह से इंग्लिश बल्लेबाज संघर्ष करते नजर आए हैं, उसे देखते हुए अश्विन का टीम में रहना भारत के लिए फायदेमंद होगा। वनडे सीरीज के अंतिम दो मैचों में जो रूट ने अच्छी बल्लेबाजी की और शतक लगाए, लेकिन अन्य इंग्लिश बल्लेबाज भारतीय स्पिन के आगे नहीं टिके थे।
bhavtarini.com@gmail.com

