मेहुल चोकसी से नीरव मोदी तक...वित्तमंत्री ने बताया- जो कर्ज लेकर भागे, उनका कितना हुआ हिसाब?

मेहुल चोकसी से नीरव मोदी तक...वित्तमंत्री ने बताया- जो कर्ज लेकर भागे, उनका कितना हुआ हिसाब?

 
नई दिल्ली

देश के कई बड़े पूंजीपतियों के 68,000 करोड़ रुपये से अधिक का कर्ज बट्टे खाते में डाले जाने से जुड़ी खबर को लेकर कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने मंगलवार को सरकार पर निशाना साधा तो खुद वित्तमंत्री निर्मला सीतारमण ही सरकार के बचाव में उतर आईं।
निर्मला सीतारमण ने मोदी सरकार के खिलाफ लगाए गए आरोपों पर सफाई देते हुए मंगलवार रात कुछ ट्वीट के जरिए बताया उनकी सरकार ने किस प्रकार डिफॉल्टर्स के खिलाफ ऐक्शन लिया है। इस दौरान वित्तमंत्री ने विजय माल्या समेत कई अन्य उद्योगपतियों की जब्त संपत्ति की डिटेल्स ट्विटर पर जारी करते हुए कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर देश को दिग्भ्रमित करने का आरोप लगाया।
 

'मेहुल चोकसी पर कार्रवाई'
निर्मला सीतारमण ने मेहुल चोकसी केस के बारे में जानकारी देते हुए कहा कि सरकार ने बड़ा ऐक्शन लेते हुए चोकसी की 1936 करोड़ रुपये से अधिक संपत्ति को अटैच किया है। इसमें 67.9 करोड़ रुपये की विदेशी संपत्ति भी शामिल है। इसके अलावा 597.75 करोड़ की प्रॉपर्टी को सीज करते हुए मेहुल चोकसी के खिलाफ रेड कॉर्नर नोटिस भी इश्यू किया जा चुका है। वित्तमंत्री ने बताया कि चोकसी के प्रत्यर्पण के लिए एंटीगुआ को एक अर्जी भेजी जा चुकी है। इसके अलावा उसे भगोड़ा घोषित करने की प्रक्रिया भी जारी है।

'माल्या की 8 हजार करोड़ से अधिक की प्रॉपर्टी अटैच'
वित्तमंत्री ने चोकसी के अलावा उद्योगपति विजय माल्या पर भी हुई कार्रवाई की जानकारी दी। निर्मला सीतारमण ने एक अन्य ट्वीट में बताया कि अब तक माल्या की करीब 8040 करोड़ रुपये की संपत्ति को अटैच किया गया है। इसके अलावा 1693 करोड़ रुपये के शेयर भी जब्त किए जा चुके हैं। विजय माल्या को भगोड़ा घोषित करते हुए प्रत्यर्पण की अर्जी दी गई है।

'नीरव मोदी यूके की जेल में'
इसके अलावा हीरा व्यापारी नीरव मोदी की करीब 2387 करोड़ रुपये की चल-अचल संपत्ति को भी सरकार ने अटैच या सीज किया है। वित्तमंत्री ने बताया है कि नीरव मोदी की जिन संपत्तियों को सरकार ने अटैच या सीज किया है, उसमें 961.47 करोड़ की विदेशी संपत्ति भी शामिल है। वित्तमंत्री ने यह भी साफ किया है कि देश छोड़कर भागा नीरव मोदी फिलहाल यूके की एक जेल में कारावास झेल रहा है।
 
'18332 करोड़ की प्रॉपर्टी अटैच या सीज'
निर्मला सीतारमण ने दावा किया कि केंद्र की मोदी सरकार ने ही असल रूप में ऐसे विलफुल डिफॉल्टर्स पर ऐक्शन शुरू किया है। इसी अभियान के क्रम में सरकार ने 9967 रिकवरी सूट और 3515 एफआईआर दर्ज किए हैं। साथ-साथ सिर्फ नीरव मोदी, मेहुल चोकसी और विजय माल्या जैसे उद्योगपतियों की करीब 18332 करोड़ रुपये की संपत्ति अटैच या सीज की जा चुकी है।

'कांग्रेस बताए- क्यों नहीं साफ हुआ सिस्टम'
निर्मला सीतारमण ने कांग्रेसी नेताओं से सवाल करते हुए कहा कि कांग्रेस और राहुल गांधी को इस बात पर आत्मचिंतन करने की जरूरत है कि वह अपने कार्यकाल में सिस्टम की सफाई का काम क्यों नहीं कर पाए। निर्मला सीतारमण ने यह आरोप भी लगाया कि कांग्रेस ने सत्ता और विपक्ष दोनों तरफ रहते हुए भ्रष्टाचार खत्म करने की कोई प्रतिबद्धता नहीं दिखाई।