रूपेश सिंह की हत्या में एक और शूटर गिरफ्तार
पटना
इंडिगो के फील्ड मैनेजर रूपेश सिंह हत्याकांड में पटना पुलिस ने एक और आरोपित सौरभ कुमार उर्फ पवन उर्फ खरहा को गिरफ्तार कर लिया। एसएसपी उपेंद्र शर्मा का दावा है कि पवन भी रितुराज के साथ रुपेश की हत्या करने में शामिल था। मंगलवार को पवन की गिरफ्तारी अगमकुआं थाना इलाके के कुम्हरार गांव से उस वक्त की गयी जब वह दिल्ली से पटना लौटकर अपने किराये के मकान की ओर जा रहा था। पुलिस के मुताबिक आईओसीएल कॉलोनी में स्थित पवन के किराये के मकान से एक पिस्टल, पांच गोलियां, तीन खोखे, तीन सिमकार्ड और हत्या में इस्तेमाल की गयी बाइक बरामद की गयी है। इस संबंध में एसएसपी ने बताया कि पवन ने यह कबूल किया है कि उसने भी रूपेश सिंह के ऊपर गोली चलायी थी। बीते वर्ष 2018 में उस पर आम्र्स एक्ट के दो केस बिहटा और नौबतपुर थाने में दर्ज हुए थे। पूर्व में भी वह जेल जा चुका है। रितुराज को गिरफ्तार करने के लगभग 50 दिनों बाद पुलिस ने पवन को पकड़ा है।
पवन को पकड़ने वाली पुलिस टीम की मानें तो रूपेश सिंह की हत्या के बाद दस दिनों तक आरोपित पवन पटना में ही रहा था। रितुराज की गिरफ्तारी होने के बाद वह भागने लगा। एसएसपी ने बताया कि सबसे पहले वह कंकड़बाग स्थित अपने बहन के यहां गया। इसके बाद बड़हिया और लखीसराय में स्थित अपने रिश्तेदारों के घर ठहरा।
पुलिस से बचने के लिये पवन गया के मानपुर में जाकर छिप गया। इसके बाद वह वाराणसी चला गया। वहां भी पटना पुलिस उस पर नजर रख रही थी। वाराणसी में कुछ दिनों तक ठहरने के बाद पवन दिल्ली में जाकर छिप गया। कुछ दिनों तक वहां रहने के बाद वह पटना लौटा। यहां आते ही वह पकड़ा गया।
bhavtarini.com@gmail.com 
