लॉकडाउन के बीच रेलवे के कपूरथला प्लांट में प्रोडक्शन शुरू, 2 दिन में बने 2 डिब्बे

लॉकडाउन के बीच रेलवे के कपूरथला प्लांट में प्रोडक्शन शुरू, 2 दिन में बने 2 डिब्बे

नई दिल्ली

लॉकडाउन में थोड़ी ढिलाई के बाद कपूरथला रेलवे कोच फैक्ट्री में प्रोडक्शन का काम शुरू हो गया है. दरअसल, लॉकडाउन के बीच जरूरी चीजों की सप्लाई सुनिश्चित करने के लिए पार्सल कोचों की मांग को देखते हुए फैक्ट्री में उत्पादन शुरू कर दिया गया है.

रेल मंत्रालय के एक प्रवक्ता के मुताबिक कपूरथला रेलवे कोच फैक्ट्री लॉकडाउन की वजह से 28 दिनों तक बंद थी, लेकिन अब काम शुरू हो गया है और पिछले दो दिन में 2 डिब्बे बनकर तैयार हो गए हैं. गृह मंत्रालय और स्थानीय प्रशासन द्वारा जारी नियमों के तहत प्रोडक्शन किया जा रहा है.

3,744 कर्मचारियों को काम पर जाने की इजाजत
उन्होंने कहा कि फैक्ट्री परिसर में रहने वाले 3,744 कर्मचारियों को काम पर जाने की अनुमति दी गई है. हालांकि बाकी प्लांट में अभी काम बंद है और इजाजत का इंतजार किया जा रहा है. अधिकारी ने कहा कि एक एलएचबी उच्च क्षमता वाली पार्सल वैन और एक सामान सह जनरेटर कार बनाई गई है.

डालने की दी सलाह
तीन शिफ्टों में कर्मियों को अलग-अलग समय पर बुलाया जा रहा है और लॉकडाउन के बाद काम में शामिल होने वाले श्रमिकों को सेफ्टी किट दी गई है, जिसमें मास्क, सैनिटाइजर की बोतल और साबुन वगैरह शामिल हैं.

कोरोना से जंग में रेलवे की तैयारी

गौरतलब है कि भारतीय रेलवे भी इन दिनों कोरोना वायरस के खिलाफ जंग में पूरी शिद्दत के साथ जुटी हुई है. रेलवे ने ट्रेन के कोचों को कोरोना वायरस संदिग्ध के लिए आइसोलेशन वॉर्ड में तब्दील कर दिया है. मरीजों की सुविधाओं को ध्यान में रख कोच में कई नए बदलाव किए गए हैं.

वहीं लॉकडाउन के चलते ट्रेन, मेट्रो, फ्लाइट और सार्वजनिक परिवहन पूरी तरह से बंद हैं. इस बीच रेलवे लॉकडाउन के बाद कुछ स्पेशल ट्रेन चलाने के फॉर्मूले पर विचार कर रही है. सूत्रों के मुताबिक लॉकडाउन खत्म होने के बाद शुरुआत में कुछ स्पेशल पैसेंजर ट्रेनों को चलाने का प्रस्ताव है.

जानकारी के मुताबिक ये ट्रेनें ग्रीन जोन में चलाई जाएंगी और सिर्फ इमरजेंसी में ही लोगों को यात्रा करने की इजाजत होगी. हालांकि कंटेनमेंट जोन और हॉटस्पॉट इलाके में कोई यात्री ट्रेन नहीं चलाई जाएगी. इन स्पेशल ट्रेनों का किराया भी काफी ज्यादा रखा जाएगा, ताकि लोग सिर्फ इमरजेंसी में ही यात्रा करें.