लोकसभा चुनाव 2019: अब 'नाराज' किसानों को मनाने की कोशिश में बीजेपी, बन रही नई रणनीति

लोकसभा चुनाव 2019: अब 'नाराज' किसानों को मनाने की कोशिश में बीजेपी, बन रही नई रणनीति

रायपुर
छत्तीसगढ़ में हुए विधानसभा चुनाव में मिले हार के कारणों में एक प्रमुख कारण बीजेपी किसानों की नाराजगी मान कर चल रही है. वहीं हार के कारणों की समीक्षा को लेकर जब 8 जनवरी को बीजेपी ने किसान मोर्चा की प्रदेश कार्यसमिति की बैठक बुलाई थी. बैठक में किसान मोर्चा के पदाधिकारियों ने जमकर अपना गुस्सा उड़ेला था. उन्होंने इस पूरे पांच साल किसान मोर्चा की उपेक्षा के भी आरोप लगाए थे. अब लोकसभा चुनाव को लेकर बीजेपी ने अपने हर मोर्चे और विभाग की रणनीति में किसान मोर्चा को महत्वपूर्ण जिम्मेदारी में रखा है.

बता दें कि बीजेपी किसान मोर्चा की एक अहम बैठक जब 8 जनवरी को एकात्म परिसर में हुई थी. इस बैठक में किसान मोर्चा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष शैलेन्द्र सिंह सेंगर और प्रदेश संगठन महामंत्री पवन साय, किसान मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष पूनम चंद्राकर पार्टी के अध्यक्ष और नेता प्रतिपक्ष धरमलाल कौशिक के सामने कई पदाधिकारियों ने जमकर भड़ास निकाली थी. उन्होंने खुलकर आरोप लगाया था कि विधानसभा में हार किसान मोर्चा की उपेक्षा से भी हुई है.

किसान मोर्चा के सदस्यों ने आरोप लगाए थे कि दिग्गज नेताओं को घमंड हो गया था. वो किसान मोर्चा को भी भूल गए थे. मोर्चा ने किसानों की नाराजगी की खबर कई बार बीजेपी आलाकमान तक पहुंचाई लेकिन कोई सुनने को तैयार ही नहीं था. चूंकि राष्ट्रीय नेत्रृत्व भी इस बैठक में था यही वजह है कि अब लोकसभा चुनाव को लेकर बीजेपी ने जो रणनीति बनाई उसमे हर मोर्चे और विभाग में किसान मोर्चा को साथ-साथ रखा है.