विपक्ष और बिहार सरकार का मुंबई पुलिस पर आरोप, सुशांत सिंह राजपूत मामले की CBI जांच को तैयार नहीं उद्धव सरकार
मुंबई
सुशांत सिंह राजपूत डेथ केस में महाराष्ट्र की मुख्य विपक्षी पार्टी बीजेपी और बिहार सरकार के नेता सीबीआई जांच की मांग कर रहे हैं। वहीं उद्धव सरकार ने एक बार फिर साफ किया है कि वह इस मामले की सीबीआई जांच नहीं कराएंगे। महाराष्ट्र के गृह राज्य मंत्री सतेज पाटिल ने कहा कि मुंबई पुलिस सुशांत सिंह राजपूत की मौत के मामले में जांच कर रही है और इस मामले को केंद्रीय जांच ब्यूरो को सौंपने की कोई जरूरत नहीं है। पाटिल ने कहा कि बिहार पुलिस शायद यहां आ गई है क्योंकि एक अलग शिकायत दर्ज की गई थी, लेकिन मुंबई पुलिस की जांच सही दिशा में है और इस मामले की सही तरीके से जांच करेगी। उन्होंने कहा कि मामले को सीबीआई को सौंपने की कोई जरूरत नहीं है। महाराष्ट्र पुलिस मामले की जांच करने में सक्षम है।
वहीं बिहार के डिप्टी सीएम सुशील मोदी ने कहा है कि मुंबई पुलिस सुशांत की मौत के मामले में बिहार पुलिस की निष्पक्ष जांच के रास्ते में रुकावट डाल रही है। बीजेपी को लगता है कि सीबीआई को यह मामला संभाल लेना चाहिए। बीजेपी नेता देवेंद्र फडणवीस ने कहा है के सुशंत सिंह राजपूत मामले को लगातार सीबीआई को देने की मांग हो रही है, इसलिए मेरी मांग है कि अगर राज्य सरकार केस सीबीआई को नहीं देना चाहती तो कम से कम इसमें ईडी को ईसीआईआर पंजीकृत करने से तो नहीं रोक सकते क्योंकि इसमें मनी लॉन्ड्रिंग का मामला सामने आया है।
केंद्रीय मंत्री रामविलास पासवान ने कहा है कि 2 राज्यों के बीच टकराव है। महाराष्ट्र में अभी तक कोई एफआईआर दर्ज नहीं हुई है। चिराग ने सीएम ठाकरे से बात की थी कि सीबीआई जांच होनी चाहिए। सभी राजनीतिक नेता इसके लिए मांग कर रहे हैं। इस केस को सीबीआई को सौंपा जाना चाहिए। सुशांत सिंह राजपूत के एक रिश्तेदार और बीजेपी विधायक नीरज कुमार सिंह बबलू ने कहा कि महाराष्ट्र पुलिस द्वारा अब तक कोई जांच नहीं की गई। अभी तक कोई मामला दर्ज नहीं किया गया है या किसी व्यक्ति पर आरोप नहीं लगाया गया है। उन्होंने सिर्फ पूछताछ की है। यह सिर्फ औपचारिकता है। हमें अब उन पर भरोसा नहीं है।
क्या कह चुके है महाराष्ट्र के गृह मंत्री
इससे पहले महाराष्ट्र के गृह मंत्री अनिल देशमुख ने कहा था कि मुंबई पुलिस मामले की जांच कर रही है और इसे केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) में स्थानांतरित नहीं किया जाएगा। मंगलवार को मुंबई पहुंची बिहार पुलिस की एक टीम ने इस मामले के सिलसिले में बुधवार को अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत की बहन सहित दो लोगों के बयान दर्ज किए।
सुशांत सिंह राजपूत के पिता द्वारा मंगलवार को बिहार में अभिनेता रिया चक्रवर्ती के खिलाफ एक एफआईआर दर्ज की गई थी। राजपूत 14 जून को अपने मुंबई आवास में फांसी मृत मिले थे। महाराष्ट्र पुलिस के अनुसार, अब तक की जांच में फिल्म निर्माता महेश भट्ट, फिल्म समीक्षक राजीव मसंद, निर्देशक-निर्माता संजय लीला भंसाली और फिल्म निर्माता आदित्य चोपड़ा सहित 41 लोगों के बयान दर्ज किए गए हैं।
bhavtarini.com@gmail.com 