शादी का झांसा देकर शोषण करने का आरोप, डिप्टी कलेक्टर अरविंद माहौर गिरफ्तार
awdhesh dandotia
मुरैना। मध्य प्रदेश के मुरैना जिले में एक महिला की शिकायत के बाद डिप्टी कलेक्टर अरविंद माहौर को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। महिला ने आरोप लगाया है कि अधिकारी ने शादी का वादा कर लंबे समय तक उसका शारीरिक शोषण किया और बाद में विवाह से इंकार कर दिया।

सोशल मीडिया के माध्यम से हुई पहचान
पुलिस में दर्ज शिकायत के अनुसार, वर्ष 2025 की शुरुआत में महिला की पहचान सोशल मीडिया के माध्यम से अरविंद माहौर से हुई थी। उस समय वे सबलगढ़ में एसडीएम के पद पर कार्यरत थे। बातचीत के दौरान दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं और मुलाकातों का सिलसिला शुरू हो गया।
कई बार शारीरिक संबंध बनाए
महिला का आरोप है कि आरोपी ने शादी का भरोसा दिलाकर कई बार शारीरिक संबंध बनाए। शिकायत में यह भी कहा गया है कि मार्च 2025 में उसे घुमाने के बहाने एक स्थान पर ले जाकर दुष्कर्म किया गया। इसके बाद अन्य स्थानों पर भी कई बार उसका शोषण किया गया।
पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया है कि जब उसने शादी की बात की तो आरोपी ने टालमटोल शुरू कर दी। बाद में विवाह से इंकार कर दिया और शिकायत करने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी भी दी।

दुष्कर्म सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज
महिला की शिकायत और प्रस्तुत साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने आरोपी अधिकारी के खिलाफ दुष्कर्म सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर कार्रवाई की। पुलिस ने बुधवार रात आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। सिविल लाइन थाना पुलिस के अनुसार, गिरफ्तारी के बाद आरोपी की स्वास्थ्य जांच कराई गई। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद उसे न्यायालय में पेश किया जाएगा। मामले की जांच जारी है।
bhavtarini.com@gmail.com 