शहर का विकास करना है तो जल्द दें रिंग रोड की सौगात

शहर का विकास करना है तो जल्द दें रिंग रोड की सौगात

प्रयागराज
प्रयागराज के सुनियोजित विकास को लेकर प्रदेश सरकार गंभीर है। मुख्यमंत्री के निर्देश पर जिले के सुनियोजित विकास पर मंत्री सिद्धार्थनाथ सिंह ने शनिवार को प्रशासन व बिल्डर्स के साथ बैठक की। बैठक में कुछ बिंदु आए। जिसमें जिले के विकास के लिए सबसे अहम रिंग रोड के निर्माण को माना गया। मंत्री ने इस पर सहमति जताई। साथ ही जनसंख्या घनत्व देखते हुए शहर का विकास करने की बात कही। मंत्री ने कहा कि नैनी और शहर पश्चिमी की ओर इसकी संभावना है। इस पर काम किया जा रहा है।

बैठक में बिल्डर अजय मिश्रा ने कहा कि बम्हरौली से नैनी जाने में एक घंटे से अधिक वक्त लग जाता है। अगर रिंग रोड होगी तो दिक्कत दूर होगी। उन्होंने कहा कि इसका प्रस्ताव लंबे समय से तैयार है, लेकिन कुछ काम नहीं हुआ। मंत्री ने इस बिंदु को गंभीरता से लिया। साथ ही बिल्डर संजीव अग्रवाल ने कहा कि तमाम समस्याएं हैं, नजूल जमीन को फ्री होल्ड करने की प्रक्रिया लंबे समय से लटकी है। नीति न आने से लोग परेशान हैं। शहर के विस्तार की संभावना पर भी उन्होंने पक्ष रखा। इसे भी मंत्री ने गंभीरता से लिया। मंत्री सिद्धार्थनाथ ने कहा कि नैनी और शहर पश्चिमी के लिए फ्लाईओवर और मेट्रो का डीपीआर बनाया जा रहा है। उन्होंने बिल्डरों व पीडीए के अफसरों से कहा कि आबादी के दृष्टिगत ऐसे प्लान तैयार करें, जो भविष्य के लिए उपयोगी हों। उन्हें कैसे अच्छा बनाएं, उनके नक्शे जमीनी स्तर पर होने चाहिए। सीवरेज, सड़कें और प्रकाश आदि की व्यवस्था सुनिश्चित की जा सके। सड़क चौड़ीकरण पर कहा कि डीएम से बात करने के बाद ही इस काम को किया जाए। अगर कोई गरीब मकान बनवाता है तो उसे भी परेशानी नहीं आनी चाहिए। डीएम संजय कुमार खत्री ने इस दिशा में काम करने का आश्वासन दिया। बैठक में नगर आयुक्त रवि रंजन, सचिव पीडीए दयानंद, शिवानी सिंह आदि मौजूद रहे।