सरयू स्नान के दौरान दर्दनाक हादसा एक ही परिवार के 12 लोग डूबे

सरयू स्नान के दौरान दर्दनाक हादसा एक ही परिवार के 12 लोग डूबे

अयोध्या
अयोध्या (Ayodhya) में बेहद दर्नाक हादसा हो गया. गुप्तार घाट (Guptar Ghat) पर सरयू (Saryu) में स्नान करते समय एक ही परिवार के 12 लोग डूब गए. स्थानीय पुलिस गोताखोर रेस्क्यू कर रहे हैं. परिवार आगरा (Agra) का बताया जा रहा है. ये पूरा परिवार अयोध्या धाम घूमने आया था.

घटना की जानकारी मिलते ही सीएम योगी ने अधिकारियों को तत्काल मौके पर पहुंचने का निर्देश दिया। बताया जा रहा है कि आगरा के सिकंदराबाद से तीन परिवारों के 15 लोग अयोध्या घूमने आए थे। सभी शुक्रवार की सुबह गुप्तार घाट पर स्नान के लिए पहुंचे। स्नान के दौरान पैर फिसलने से दो व्यक्ति गहरे पानी में चले गए। दोनों को बचाने के चक्कर में एक के बाद एक अन्य लोग भी पानी में बहने लगे।

तीन लोगों ने तो खुद को बचा लिया लेकिन 12 लोग पानी में बहने लगे। चीख पुकार सुनकर आसपास के मल्लाहों और केवटों ने लोगों को बचाने की कोशिश की। घटना की जानकारी अधिकारियों को भी दी गई। डीएम और एसपी भी मौके पर पहुंचे और राहत बचाव कार्य शुरू किया गया। करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद 8 लोगों को पानी से निकाल कर अस्पताल पहुंचाया गया। जहां पांच लोगों को मृत घोषित कर दिया गया। लापता चार लोगों की तलाश के लिए एनडीआरएफ की टीमों को भी लगाया गया है। शाम छह बजे तक चारों लोगों की तलाश पुलिस-पीएसी के गोताखोर   करते रहे।


सीएम योगी ने दिए निर्देश
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ (Yogi Adityanath) ने अयोध्या के गुप्तार घाट पर 12 लोगों के डूबने की घटना की जानकारी मिलते ही वरिष्ठ अधिकारियों को मौके पर पहुंचकर लोगों को जल्द से जल्द रेस्क्यू कराने के निर्देश दिए हैं. गुप्तार घाट पर पुलिस का भारी जमावड़ा है और जरूरत पड़ने पर एनडीआएफ (NDRF) की टीम को भी बुलाया जा सकता है.