28 सीटों पर समाप्त हुआ मतदान,प्रत्याशियों की किस्मत ईवीएम में बंद
भोपाल
मध्य प्रदेश की 28 विधानसभा सीटों के लिए वोटिंग मंगलवार शाम 6 बजे समाप्त हो गया। चंबल के कुछ इलाकों को छोड़कर अधिकांश जगहों पर मतदान शांतिपूर्ण संपन्न हुआ। भिंड के मेहगांव और मुरैना के सुमावली विधानसभा क्षेत्रों में कुछ जगहों पर फायरिंग और हिंसा की घटनाएं हुईं। भिंड में 2 और सुमावली में कम से कम 6 जगहों पर फायरिंग की सूचना है। कुछ स्थानों पर ईवीएम मशीनों में खराबी की वजह से भी मतदान कुछ देर के लिए बाधित रहा।
कोरोना के बावजूद ज्यादा वोटिंग
मध्य प्रदेश में पहली बार इतनी ज्यादा सीटों पर उपचुनाव हो रहे हैं। उपचुनावों में आम तौर पर मतदान का आंकड़ा कम होता है। कोरोना के चलते भी इस बार वोटिंग पर असर पड़ने की आशंका थी, लेकिन ऐसा देखने को नहीं मिला। कोरोना के डर पर मतदान का उत्साह भारी पड़ा। सुबह से ही मतदान केंद्रों पर वोटर्स की कतारें देखने को मिलीं और शाम 5 बजे तक पूरे प्रदेश में मतदान का आंकड़ा 60 फीसदी से ज्यादा हो चुका था। शिवपुरी जिले की दोनों सीटों- पोहरी और करैरा तथा आगर विधानसभा में 5 बजे तक 70 फीसदी से ज्यादा वोटिंग हो चुकी थी।
28 सीटों पर 355 उम्मीदवार
प्रदेश की 28 विधानसभा सीटों के लिए कुल 355 उम्मीदवार हैं। अधिकांश सीटों पर बीजेपी और कांग्रेस के बीच सीधा मुकाबला है। ग्वालियर-चंबल संभाग की कुछेक सीटों पर बीएसपी और निर्दलीय प्रत्याशियों के चलते त्रिकोणीय मुकाबला है। वोटों की गिनती 10 नवंबर को होगी। इसके बाद ही सभी प्रत्याशियों की किस्मत का फैसला होगा।
शिवराज का लिटमस टेस्ट
मध्य प्रदेश की विधानसभा में कुल 230 सीटें हैं और बहुमत के लिए 116 सदस्यों का समर्थन चाहिए। वर्तमान में शिवराज सिंह चौहान सरकार यानी बीजेपी के पास 107 विधायक हैं। यानी सत्ता में बने रहने के लिए उसे 9 सीटें जीतनी होंगी। इससे कम सीटें मिलीं तो बीजेपी को अन्य और निर्दलीय विधायकों पर निर्भर रहना होगा।
bhavtarini.com@gmail.com 
