5.1 डिग्री रहा पारा, शिमला से ठंडी रही दिल्ली

5.1 डिग्री रहा पारा, शिमला से ठंडी रही दिल्ली

नई दिल्ली
दिल्ली में इस साल ठंड का मिजाज बदला हुआ है। दिसंबर के मध्य में ही दिल्ली पहाड़ों से अधिक ठंडी होने लगी है। मंगलवार को लोदी रोड में न्यूनतम तापमान 4.8 डिग्री दर्ज हुआ। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, आमतौर पर तापमान में इतनी गिरावट दिसंबर के अंत या जनवरी में देखने को मिलती है लेकिन मंगलवार को दिल्ली कई हिल स्टेशनों से भी ठंडी रही। दिल्ली का न्यूनतम तापमान 5.1 डिग्री रिकॉर्ड हुआ। हिल स्टेशनों की बात करें तो शिमला का न्यूनतम तापमान 6.7, धर्मशाला का 5.8, नैनीताल का 5.0, गैंगटोक का 6.2 और शिलॉन्ग का 7.4 डिग्री रहा।


विशेषज्ञों का कहना है कि दिल्ली में ठंड का असल असर अभी बाकी है। 20 दिसंबर को न्यूनतम तापमान 4 डिग्री तक गिर सकता है। पिछले दो साल में दिसंबर में दिल्ली इतनी ठंडी नहीं रही है। इससे पहले 20 दिसंबर 2015 को राजधानी का न्यूनतम तापमान 5 डिग्री पर गया था। दिसंबर में सबसे अधिक ठंड 26 दिसंबर 1945 को पड़ी थी। तब न्यूनतम तापमान 1.1 डिग्री रिकॉर्ड हुआ था। बीते 10 साल की बात करें तो 30 दिसंबर 2013 को तापमान 2.4 डिग्री पर पहुंचा था।

स्काइमेट के चीफ मेट्रॉलजिस्ट महेश पलावत के अनुसार, आमतौर पर राजधानी क्रिसमस और न्यू इयर के आसपास सबसे ठंडी होती है। इस बार अभी से ठंड काफी ज्यादा देखने को मिल रही है। आने वाले दिनों में तापमान 4 डिग्री तक भी पहुंच सकता है। स्काइमेट के अनुसार, हैरानी इस बात की है कि क्रिसमस के आसपास दिल्ली का तापमान डबल डिजिट में जा सकता है। दिन के तापमान में अभी कोई अंतर देखने को नहीं मिल रहा है।

संभावना है कि दिन में कंपकंपाती ठंड दिसंबर के अंतिम दिनों में ही पड़ेगी। तब घना कोहरा भी परेशानियां बढ़ाएगा। दिल्ली का अधिकतम तापमान मंगलवार को 22.3 डिग्री रहा। मौसम विभाग ने कुछ जगहों पर बुधवार को शीतलहर का अलर्ट भी जारी किया है।