दिल्ली के CGO कॉम्पलेक्स में लगी आग, दम घुटने से CISF निरीक्षक की मौत

दिल्ली के CGO कॉम्पलेक्स में लगी आग, दम घुटने से CISF निरीक्षक की मौत

नई दिल्ली  
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में सीजीओ कॉम्प्लेक्स स्थित दीन दयाल उपाध्याय अंत्योदय भवन की पांचवी मंजिल पर बुधवार सुबह अचानक आग लग गई। आग से उठे धुएं में केन्द्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) के एक निरीक्षक की दम घुटने से मौत हो गयी।
 अग्निशमन सूत्रों ने बताया कि धुएं के कारण निरीक्षक बेहोश हो गया था, उसे उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गयी। दमकल विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि 08.34 आग लगने की सूचना मिलते ही 24 दमकलों को रवाना किया गया। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चला है। 
 उपमुख्य अग्निशमन अधिकारी सुनील चौधरी ने बताया कि आग पर काबू पा लिया गया है लेकिन आग को ठंडा करने का काम जारी है। घटना में केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल का एक जवान घायल हुआ है। गौरतलब है कि अंत्योदय भवन में पर्यावरण मंत्रालय, अल्पसंख्यक मंत्रालय,सामाजिक न्याय और सशक्तिकरण समेत कई महत्वपूर्ण कार्यालय हैं।