5 अगस्त बहुत खास : पीएम मोदी बोले— पहले जम्मू-कश्मीर से 370 हटा, फिर मंदिर निर्माण और अब हॉकी में मेडल जीता

अयोध्या। उत्तरप्रदेश के अयोध्या में बन रहे प्रभु श्रीराम मंदिर के भूमिपूजन की पहली वर्षगांठ पर प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना के जरिए लाभार्थियों को राशन का वितरण किया गया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वीसी के जरिए योजना के लाभार्थियों से बात की। मोदी ने कहा, 5 अगस्त का दिन बहुत खास हो गया है। इसी दिन दो साल पहले जम्मू-कश्मीर से आर्टिकल 370 हटाया गया, पिछले साल राम मंदिर भूमिपूजन हुआ और आज ओलिंपिक में भारतीय हॉकी ने 41 साल बाद मेडल जीता। पीएम ने हॉकी के बहाने विपक्ष पर भी निशाना साधा। मोदी ने कहा कि कुछ लोग राजनीतिक स्वार्थ में सेल्फ गोल करने में जुटे हैं।
आज हॉकी ने गौरव को फिर स्थापित किया
पीएम ने कहा, यही 5 अगस्त है जब भव्य श्रीराम मंदिर के निर्माण की तरफ पहला कदम रखा गया। आज अयोध्या में तेजी से प्रभु श्रीराम मंदिर का निर्माण हो रहा है। आज 5 अगस्त की तारीख फिर एक बार हम सभी के लिए उत्साह और उमंग लेकर आई है। आज ही ओलिंपिक के मैदान पर देश के युवाओं ने हॉकी के गौरव को फिर स्थापित करने की तरफ बड़ी छलांग लगाई है।
विपक्ष पर तंज, कहा— कुछ लोग स्वार्थ में सेल्फ गोल करने में जुटे
पीएम मोदी ने विपक्ष पर तंज कसते हुए कहा, एक तरफ हमारा देश, हमारे युवा भारत के लिए नई सिद्धियां प्राप्त कर रहे हैं, जीत का गोल कर रहे हैं, तो वहीं देश में कुछ लोग ऐसे भी हैं, जो राजनीतिक स्वार्थ में सेल्फ गोल करने में जुटे हैं। देश क्या चाहता है, देश क्या हासिल कर रहा है, देश कैसे बदल रहा है इससे इनको कोई सरोकार नहीं। पीएम मोदी ने कहा, नया भारत, पद नहीं पदक जीतकर दुनिया में छा रहा है। नए भारत में आगे बढ़ने का मार्ग परिवार नहीं, बल्कि परिश्रम से तय होगा। बीते दशकों में उत्तर प्रदेश को हमेशा राजनीति के चश्मे से देखा गया था। यूपी देश के विकास में भी अग्रिम भूमिका निभा सकता है, इसकी चर्चा तक ही नहीं होने दी गई। पीएम मोदी ने आगे कहा कि डबल इंजन की सरकार ने यूपी के सामर्थ्य को एक संकुचित नजरिए से देखने का तरीका बदल डाला है। यूपी भारत के ग्रोथ इंजन का पावर हाउस बन सकता है, ये आत्मविश्वास बीते सालों में पैदा हुआ है।
दिवाली तक गरीबों को मुफ्त राशन
यूपी की तारीफ करते हुए पीएम मोदी बोले, यूपी पहला ऐसा राज्य बन गया है जहां 5 करोड़ लगों को वैक्सीन लगा दी गई है। मेड इन इंडिया वैक्सीन को लेकर कई भ्रांतियां फैलाई गईं, लेकिन लोगों ने इस झूठ को दरकिनार कर टीका लगवाया। पीएम मोदी ने बड़ा ऐलान करते हुए कहा कि दिवाली तक गरीबों को मुफ्त राशन बांटा जाएगा।