मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने दी 26.40 हेक्टेयर भूमि आवंटन की स्वीकृति
जयपुर। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने बारां जिले में प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत स्वीकृत 11 सड़कों के निर्माण के लिए 26.40 हेक्टेयर राजकीय भूमि आवंटन की स्वीकृति दी है। यह भूमि छबड़ा, शाहबाद एवं बारां तहसीलों में वन भूमि पर बनने वाली सड़कों के निर्माण के लिए आवंटित की जाएगी।
मुख्यमंत्री की इस स्वीकृति से इन क्षेत्रों में सड़क निर्माण होने से जिले के ग्रामीण एवं वन क्षेत्र में आवागमन सुगम होगा। साथ ही, स्थानीय ग्रामीणों को बेहतर सड़क संपर्क उपलब्ध होगा। इससे क्षेत्र में शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, उद्योग एवं अन्य आवश्यक सेवाओं तक पहुंच आसान होगी।
उल्लेखनीय है कि राज्य सरकार प्रदेश के ग्रामीण क्षेत्रों में मजबूत एवं बेहतर सड़क नेटवर्क विकसित करने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के विकसित भारत के संकल्प के अनुरूप राज्य सरकार द्वारा ग्रामीण क्षेत्रों को बेहतर आधारभूत सुविधाओं से जोड़ने को प्राथमिकता दी जा रही है।
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा है कि प्रदेश के प्रत्येक गांव और ग्रामीण क्षेत्र तक बेहतर सड़क एवं आधारभूत सुविधाएं पहुंचाना राज्य सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। इसी दिशा में प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क संपर्क को मजबूत किया जा रहा है। बारां जिले में 11 सड़कों के निर्माण के लिए राजकीय भूमि आवंटन होने से संबंधित ग्रामीण क्षेत्रों को बेहतर सड़क कनेक्टिविटी का लाभ मिलेगा और यहां के लोगों का जीवन स्तर बेहतर होगा।
bhavtarini.com@gmail.com
