कॉमनवेल्थ गेम्स: भारत के बजरंग के बाद साक्षी ने भी जीता स्वर्ण पदक

कॉमनवेल्थ गेम्स: भारत के बजरंग के बाद साक्षी ने भी जीता स्वर्ण पदक

अंशु को रजत से करना पड़ा संतोष

पूनिया ने राष्ट्रमंडल खेलों में लगातार दूसरा स्वर्ण जीता

अंशु को पहली बार राष्ट्रमंडल खेलों में कोई पदक मिला 

सुधीर पैरा-पावरलिफ्टिंग में गोल्ड जीतने वाले पहले भारतीय

बर्मिंघम। कॉमनवेल्थ गेम्स में भारत अब तक 23 पदक जीत चुका है। इसमें आठ स्वर्ण, आठ रजत और सात कांस्य पदक शामिल हैं। आठवें दिन पहलवान बजरंग पूनिया और साक्षी मलिक ने स्वर्ण जीता। वहीं, अंशु मलिक ने रजत पदक जीता। भाविना ने भी पैरा टेबल टेनिस के फाइनल में जगह बना ली है और पदक पक्का कर लिया है।

साक्षी ने रचा इतिहास, पहली बार स्वर्ण पदक
साक्षी मलिक ने राष्ट्रमंडल खेलों में इतिहास रच दिया। उन्होंने पहली बार स्वर्ण पदक अपने नाम कर लिया है। साक्षी ने फ्रीस्टाइल 62 किग्रा वर्ग में कनाडा की एन्ना गोडिनेज गोंजालेज को हराया। साक्षी ने पहले विपक्षी खिलाड़ी को चित्त कर चार अंक हासिल किए। उसके बाद पिनबॉल से जीत हासिल की। साक्षी इससे पहले राष्ट्रमंडल खेलों में रजत (2014) और कांस्य पदक (2018) जीत चुकी थीं।

बजरंग ने दिखाया बल, लगातार दूसरा स्वर्ण पदक जीत लिया 
भारत के दिग्गज पहलवान बजरंग पूनिया ने राष्ट्रमंडल खेलों में लगातार दूसरा स्वर्ण पदक जीत लिया है। उन्होंने फ्रीस्टाइल 65 किग्रा वर्ग में कनाडा के लचलान मैकनिल को 9-2 से हराया। भारत का बर्मिंघम में कुश्ती में यह पहला और कुल छठा स्वर्ण पदक है। बजरंग ने इससे पहले 2018 राष्ट्रमंडल खेलों में भी स्वर्ण जीता था। वहीं, 2014 में उन्होंने रजत पदक अपने नाम किया था। कुश्ती में इस बार भारत का यह दूसरा पदक है। बजरंग से पहले अंशु मलिक रजत पदक जीतने में कामयाब हुई थीं।

अंशु मलिक ने जीता रजत 
भारत की पहलवान अंशु मलिक को फ्रीस्टाइल 57 किग्रा वर्ग में रजत पदक से संतोष करना पड़ा। उन्हें फाइनल में नाइजीरिया की ओडानायो फोलासाडो 3-7 से हराया। ओडानायो ने लगातार तीसरी बार स्वर्ण जीता है। वहीं, अंशु को पहली बार राष्ट्रमंडल खेलों में कोई पदक मिला है। उनका यह पहला ही राष्ट्रमंडल खेल है।
भारत के पदक विजेता
8 स्वर्ण: मीराबाई चानू, जेरेमी लालरिनुंगा, अंचिता शेउली, महिला लॉन बॉल टीम, टेबल टेनिस पुरुष टीम, सुधीर (पावर लिफ्टिंग), बजरंग पूनिया, साक्षी मलिक।
8 रजत: संकेत सरगरी, बिंदियारानी देवी, सुशीला देवी, विकास ठाकुर, भारतीय बैडमिंटन टीम, तूलिका मान, मुरली श्रीशंकर, अंशु मलिक।
7 कांस्य: गुरुराजा पुजारी, विजय कुमार यादव, हरजिंदर कौर, लवप्रीत सिंह, सौरव घोषाल, गुरदीप सिंह, तेजस्विन शंकर।
बाक्स

गोल्ड जीतने वाले देश के पहले पैरा पॉवरलिफ्टर बने सुधीर
कहते हैं कि यदि जीत का जज्बा हो तो कोई भी सफलता हासिल की जा सकती है। भारतीय पैरा पॉवरलिफ्टर सुधीर ने इस बात को सही कर दिखाया है। उन्होंने कॉमनवेल्थ गेम्स के गोल्ड मेडल जीता है। वे इन गेम्स में गोल्ड जीतने वाले देश के पहले पैरा पॉवरलिफ्टर बने हैं। उनसे पहले सकिना खातून ने 2014 के सीजन में ब्रॉन्ज जीता था। 5 साल की उम्र में सुधीर को पोलियो हो गया था।