सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता निदेशक ने राष्ट्रीय मतदाता दिवस के मौके पर दिलाई मतदाता शपथ

सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता निदेशक ने राष्ट्रीय मतदाता दिवस के मौके पर दिलाई मतदाता शपथ

जयपुर। सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के निदेशक आशीष मोदी ने शुक्रवार को प्रातः 11ः00 बजे 16वें राष्ट्रीय मतदाता दिवस के उपलक्ष्य में विभागीय कार्मिकों को मतदाता शपथ दिलवाई तथा मतदान के प्रति और अधिक जागरूकता लाने की अपील की।

अंबेडकर भवन के प्रांगण में आयोजित शपथ ग्रहण कार्यक्रम में मोदी ने भारत निर्वाचन आयोग द्वारा जारी थीम, टैगलाइन एवं लोगो का कार्यालय पत्राचार में प्रयोग किए जाने के भी निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि हर वर्ष 25 जनवरी को मनाया जाने वाला मतदाता दिवस हमें हमारे संवैधानिक अधिकार और लोकतांत्रिक जिम्मेदारी की याद दिलाता है।

मोदी ने कहा कि मतदान केवल अधिकार नहीं, बल्कि कर्तव्य भी है। किसी भी प्रकार के प्रलोभन, भय या दबाव से मुक्त होकर, सत्य और विवेक के आधार पर किया गया मतदान ही सच्चे लोकतंत्र की पहचान है। उन्होंने कहा कि हम यह संकल्प लें कि हम स्वयं मतदान करेंगे, दूसरों को भी मतदान के लिए प्रेरित करेंगे और एक जागरूक, जिम्मेदार तथा सशक्त नागरिक बनेंगे। शपथ ग्रहण के दौरान विभाग के अन्य अधिकारीगण व कर्मचारीगण उपस्थित रहे।