राज्य बीमा एवं प्रावधायी निधि विभाग की निदेशक ने राजस्थान संपर्क 181 कॉल सेंटर का किया निरीक्षण
जयपुर। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के निर्देशानुसार आमजन की शिकायतों के त्वरित, पारदर्शी एवं प्रभावी निस्तारण के उद्देश्य से विभागीय वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा राजस्थान संपर्क 181 कॉल सेंटर का नियमित निरीक्षण किया जा रहा है। इसी क्रम में सोमवार को राज्य बीमा एवं प्रावधायी निधि विभाग (एसआईपीएफ) की निदेशक श्रीमती हेमपुष्पा शर्मा ने शासन सचिवालय स्थित राजस्थान संपर्क 181 कॉल सेंटर का निरीक्षण किया।
उन्होंने संपर्क पोर्टल की कार्यप्रणाली की विस्तृत जानकारी ली तथा विभाग से संबंधित प्राप्त परिवादों, उनके निस्तारण एवं लंबित प्रकरणों की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को शिकायतों का त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने तथा परिवादियों की संतुष्टि दर में वृद्धि के लिए प्रभावी कदम उठाने के निर्देश दिए। बैठक में बताया गया कि पोर्टल पर अब तक विभाग से संबंधित कुल 22 हजार 993 परिवाद दर्ज हुए हैं, जिनमें से 22 हजार 288 परिवादों का निस्तारण किया जा चुका है। इसी प्रकार विभाग द्वारा परिवादों के निस्तारण में लगने वाला औसत समय 21 दिन दर्ज किया गया है।
उन्होंने संपर्क एआई टूल के माध्यम से बार-बार प्राप्त होने वाली शिकायतों की प्रकृति एवं उनके निस्तारण की स्थिति की जानकारी प्राप्त की तथा ऐसी शिकायतों के स्थायी एवं त्वरित समाधान के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने संपर्क पोर्टल पर शिकायतों के सही एवं स्पष्ट कैटेगराइजेशन पर विशेष जोर देते हुए कहा कि शिकायतों का उचित वर्गीकरण होने से उनका समयबद्ध एवं प्रभावी निस्तारण सुनिश्चित किया जा सकता है।
इस दौरान निदेशक ने राजस्थान संपर्क 181 कॉल सेंटर के माध्यम से परिवादियों से सीधे संवाद भी किया। उन्होंने नागौर निवासी गोविंदनारायण शर्मा एवं जोधपुर निवासी पुनाराम की जीपीएफ भुगतान एवं खाता स्थानांतरण संबंधी शिकायतों की जानकारी ली तथा संबंधित अधिकारियों को इनके त्वरित समाधान के निर्देश दिए। इसी प्रकार उन्होंने प्रतापगढ़ निवासी देवीलाल पाटीदार को उनके मंगला पशु बीमा एवं झुंझुनूं निवासी किरण को मुख्यमंत्री आयुष्मान दुर्घटना बीमा योजना के तहत विभाग द्वारा किए गए भुगतान के विषय में जानकारी दी। इस अवसर पर विभागीय अधिकारी सहित राजस्थान संपर्क पोर्टल के अधिकारी एवं कार्मिक उपस्थित रहे।
bhavtarini.com@gmail.com

