कांग्रेस अध्यक्ष पद का चुनाव 17 अक्टूबर को, 19 को होगी मतगणना 

कांग्रेस अध्यक्ष पद का चुनाव 17 अक्टूबर को, 19 को होगी मतगणना 

नई दिल्ली। कांग्रेस अध्यक्ष पद का चुनाव 17 अक्टूबर को होगा। 19 अक्टूबर को मतगणना होगी। जानकारी के मुताबिक, चुनाव के लिए 22 सितंबर को अधिसूचना जारी होगी। कांग्रेस अध्यक्ष चुनाव के लिए नामांकन दाखिल करने की प्रक्रिया 24 सितंबर से शुरू होगी। इसकी अंतिम तिथि 30 सितंबर तय की गई है।


दरअसल, दिग्गज नेता गुलाम नबी आजाद के इस्तीफे के बाद कांग्रेस के भविष्य और उसके अगले अध्यक्ष पर उठ रहे सवालों के बीच रविवार को पार्टी की केंद्रीय कार्यसमिति (सीडब्ल्यूसी) की बैठक हुई। बैठक में कांग्रेस पार्टी के नए अध्यक्ष और पार्टी के अगले अध्यक्ष के चुनाव की तारीखों पर मंथन हुआ।


सोनिया गांधी ने वर्चुअली रूप से शामिल होकर इस बैठक की अध्यक्षता की। उनके साथ राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा भी मौजूद रहे। गौरतलब है कि सोनिया गांधी इस समय मेडिकल चेकअप के लिए विदेश दौरे पर हैं और राहुल गांधी और प्रियंका गांधी भी उनके साथ हैं। 

कांग्रेस ने कुछ ही दिन पहले नए अध्यक्ष के चुनाव की प्रक्रिया को टाल दिया था। कांग्रेस ने पिछले साल अक्तूबर में घोषणा की थी कि पार्टी के नए अध्यक्ष का चुनाव इस साल 21 अगस्त से 20 सितंबर के बीच होगा।

राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत सहित कई नेताओं द्वारा सार्वजनिक रूप से राहुल गांधी से दोबारा कांग्रेस के अध्यक्ष बनने का आग्रह कर चुके हैं। हालांकि, इस मुद्दे पर अनिश्चितता बरकरार है। वहीं, पार्टी के कई अंदरूनी सूत्रों का कहना है कि राहुल गांधी अपने रुख पर कायम हैं कि वह एआईसीसी अध्यक्ष नहीं होंगे। 2019 में संसदीय चुनावों में पार्टी को लगातार दूसरी हार का सामना करने के बाद राहुल गांधी ने कांग्रेस अध्यक्ष के रूप में इस्तीफा दे दिया था।


 
केसी वेणुगोपाल ने दी जानकारी
कांग्रेस सांसद केसी वेणुगोपाल ने बताया कि CWC ने सोनिया गांधी के नेतृत्व में बैठक की और अंतिम कार्यक्रम को मंजूरी दी। कांग्रेस अध्यक्ष पद के लिए नामांकन प्रक्रिया 24 सितंबर से 30 सितंबर तक होगी। चुनाव 17 अक्तूबर को होंगे और मतगणना और परिणामों की घोषणा 19 अक्तूबर को होगी।

खड़गे ने दोहराई राहुल को अध्यक्ष बनाने की मांग
राज्यसभा में विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि बैठक में अध्यक्ष के नाम पर चर्चा नहीं हुई। हमने इस विषय पर चर्चा की है कि अध्यक्ष पद का चुनाव कब होना चाहिए और उसके लिए क्या-क्या तैयारियां करनी होगी। सारे कांग्रेस वर्कर की भावना है कि राहुल गांधी जी कांग्रेस अध्यक्ष बनें।