एचपीवी टीकाकरण अभियान का शुभारंभ, एक हजार स्वास्थ्य संस्थान चिन्हित
जयपुर। महिलाओं को सर्वाइकल कैंसर से सुरक्षा प्रदान करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शनिवार को अजमेर से एचपीवी (ह्यूमन पैपिलोमा वायरस) टीकाकरण अभियान का राष्ट्र स्तरीय शुभारंभ किया। इस अभियान के तहत पात्र आयु वर्ग की बालिकाओं को एचपीवी वैक्सीन लगाई जाएगी, जिससे भविष्य में सर्वाइकल कैंसर के खतरे को प्रभावी रूप से कम किया जा सके। प्रदेश में भी टीकाकरण के लिए व्यापक स्तर पर तैयारियां की गई हैं। अभियान के प्रथम दिन प्रदेश में 188 टीकाकरण सत्र आयोजित किए गए।
मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा ने अभिभावकों से अपील की कि वे अपनी बेटियों को इस महत्वपूर्ण टीकाकरण अभियान से जोड़ें और उन्हें सर्वाइकल कैंसर से सुरक्षित भविष्य प्रदान करें। यह अभियान महिलाओं के स्वास्थ्य सशक्तीकरण की दिशा में एक ठोस और दूरगामी कदम है।
चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री गजेन्द्र सिंह खींवसर ने कहा कि भारत सरकार के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय के निर्देशानुसार यह टीकाकरण उन बालिकाओं को एकल डोज के रूप में दिया जाएगा, जिन्होंने 14 वर्ष की आयु पूर्ण कर ली है, लेकिन 15 वर्ष की आयु पूर्ण नहीं की है। उन्होंने कहा कि सर्वाइकल कैंसर भारत में महिलाओं में दूसरा सर्वाधिक पाया जाने वाला कैंसर है। इस गंभीर बीमारी की रोकथाम के उद्देश्य से राज्य में व्यापक स्तर पर टीकाकरण की योजना बनाई गई है।
चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग की प्रमुख शासन सचिव श्रीमती गायत्री राठौड़ ने बताया कि इस अभियान के अंतर्गत 8 लाख 32 हजार से अधिक बालिकाएँ पात्र श्रेणी में आती हैं।टीकाकरण हेतु गार्डासिल-4 (Gardasil-4) नामक क्वाड्रीवेलेंट वैक्सीन का उपयोग किया जा रहा है, जिसे 0.5 मिलीलीटर की खुराक के रूप में बाएँ ऊपरी बांह में इंट्रामस्क्युलर रूप से दिया जाएगा। राजस्थान के सभी जिलों में 1000 स्वास्थ्य संस्थानों को एचपीवी टीकाकरण के लिए चिन्हित किया गया है।
राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के मिशन निदेशक डॉ. अमित यादव ने बताया कि प्रदेशभर में एचपीवी टीकाकरण के लिए कार्यशील कोल्ड चेन प्वाइंट, समर्पित चिकित्सा अधिकारी एवं इंटरनेट कनेक्टिविटी से युक्त स्वास्थ्य संस्थानों का चयन किया गया है। प्रत्येक टीकाकरण स्थल पर वैक्सीनेटर, वेरिफायर, मोबिलाइज़र एवं वालंटियर सहित समर्पित टीम तैनात रहेगी। राज्य, जिला एवं स्वास्थ्य संस्थान स्तर पर एएनएम, आशा, वेरिफायर एवं मोबिलाइज़र का प्रशिक्षण पूर्ण कर लिया गया है, जिससे अभियान का प्रभावी संचालन सुनिश्चित किया जा सके।
bhavtarini.com@gmail.com

