पंजाब में सेहत कार्ड अभियान तेज, 19,000 आशा कार्यकर्ता जुड़े
चंडीगढ़: मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में पंजाब सरकार ने मुख्यमंत्री सेहत योजना के तहत पंजीकरण अभियान को तेज कर दिया है। इसके लिए राज्यभर में 19,000 से अधिक आशा कार्यकर्ताओं और 900 सहायकों को लगाया गया है, जो गांव-गांव जाकर लोगों का रजिस्ट्रेशन करा रहे हैं।
हर आशा कार्यकर्ता को करीब 1,000 लोगों और 250 परिवारों की जिम्मेदारी दी गई है। वे घर-घर जाकर जागरूकता फैलाने के साथ लोगों को सेवा केंद्रों और कॉमन सर्विस सेंटरों पर पंजीकरण में मदद कर रहे हैं।
अभियान का असर साफ दिख रहा है। पिछले 20 दिनों में ही करीब 10 लाख लोगों का पंजीकरण हुआ है। वर्तमान में रोजाना लगभग 50,000 लोग जुड़ रहे हैं और अब तक 35 लाख से अधिक सेहत कार्ड जारी किए जा चुके हैं।
स्वास्थ्य मंत्री डॉ. बलबीर सिंह ने कहा कि सरकार का लक्ष्य है कि कोई भी परिवार इलाज के खर्च के कारण परेशान न हो। यह योजना हर घर तक पहुंचाई जा रही है ताकि सभी को कैशलेस इलाज का लाभ मिल सके।
योजना के तहत अब तक ₹300 करोड़ से अधिक के 2 लाख इलाज किए जा चुके हैं, जिनमें 40,000 से ज्यादा सर्जरी शामिल हैं। इसके विस्तार के लिए बजट 2026-27 में ₹2,000 करोड़ का प्रावधान रखा गया है।
सरकार शिविरों, सेवा केंद्रों और घर-घर अभियान के जरिए लोगों को सेहत कार्ड बनवाने के लिए लगातार प्रेरित कर रही है।
bhavtarini.com@gmail.com

