मप्र में पुलिसकर्मियों को मिलेगा साप्ताहिक अवकाश, डीजीपी ने पुलिस अफसरों को दिए निर्देश
भोपाल। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने राज्य के पुलिसकर्मियों को साप्ताहिक अवकाश देने की घोषणा की थी। जिस पर अब अमल होना शुरू हो गया है। 7 अगस्त सोमवार से प्रदेश के पुलिसकर्मियों को साप्ताहिक अवकाश मिलेगा। डीजीपी सुधीर सक्सेना ने प्रदेशभर के पुलिस अधिकारियों को वीडियो कॉन्फ्रेंस में निर्देश दिए हैं।
दरअसल पुलिस परिवार समागम में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने साप्ताहिक अवकाश की घोषणा की थी। मध्यप्रदेश पुलिस के मैदानी अमले को सोमवार से साप्ताहिक अवकाश मिलेगा। प्रदेश के पुलिस कर्मियों को रोटेशन के हिसाब से ऑफ मिलेगा। ऐसे में उन्हें बहुत राहत मिलेगी।
जिलों में बनाया जाएगा रोस्टर सिस्टम
इसके लिए सभी जिलों में रोस्टर सिस्टम बनाया जाएगा। यह थानों में इस प्रकार तैयार किया जाए, जिससे कानून व्यवस्था की स्थिति में पर्याप्त पुलिस बल उपलब्ध हो। साथ ही पर्याप्त महिला पुलिस बल भी थानों में उपस्थित रहे ताकि पीडि़ताओं को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
प्रदेश में पुलिसकर्मियों के साप्ताहिक अवकाश की मांग लंबे समय से चली आ रही थी। इसे लागू करने के प्रयास वर्ष 2000 में किए थे। तत्कालीन गृह मंत्री बाबूलाल गौर के समय इसको लेकर आदेश भी जारी हुए थे लेकिन क्रियान्वयन नहीं हुआ।
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने पुलिस परिवार समागम में पुलिसकर्मियों को साप्ताहिक अवकाश दिए जाने की घोषणा करते हुए अधिकारियों को तत्काल इसे लागू करने के निर्देश दिए थे। इसका पालन करते हुए पुलिस महानिदेशक ने सोमवार से यह व्यवस्था लागू करने के निर्देश मैदानी अधिकारियों को दिए हैं। उन्होंने अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक इंटेलिजेंस आदर्श कटियार, अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक प्रशासन डी श्रीनिवास राव, पुलिस महानिरीक्षक प्रशासन दीपिका सूरी, सभी जोनल अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक और पुलिस महानिदेशक, इंदौर और भोपाल के पुलिस आयुक्त के साथ वीडियो कांफ्रेंस में कहा कि साप्ताहिक अवकाश से पुलिस अधिकारी और कर्मचारी स्वयं को शारीरिक और मानसिक रूप से स्वस्थ रखने के साथ परिवार के लिए भी समय निकाल पाएंगे। व्यवस्था इस तरह से बनाएं कि थानों में पर्याप्त बल उपलब्ध रहे।
इन सबका भी मिलेगा लाभ
थानों में पदस्थ आरक्षक से उप निरीक्षक स्तर तक के ऐसे अधिकारी-कर्मचारी जिनके पास शासकीय वाहन नहीं है, उन्हें 15 लीटर पेट्रोल भत्ता हर महीने दिया जाएगा। पौष्टिक आहार भत्ता के रूप में एक हजार रुपए हर महीने दिया जाएगा। आरक्षक से लेकर प्रधान आरक्षक तक वर्दी के लिए मिलने वाला भत्ता 5000 किया जाएगा। राज्य पुलिस सेवा के अधिकारियों को पांचवां वेतनमान दिया जाएगा। भोजन भत्ता 100 रुपए प्रतिदिन के हिसाब से दिया जाएगा। 45 वर्ष से अधिक आयु के सभी पुलिसकर्मियों का नि:शुल्क मेडिकल चेकअप किया जाएगा। सभी पुलिसकर्मियों के लिए रोटेशन से साप्ताहिक अवकाश सुनिश्चित किया जाएगा। पुलिसकर्मियों के लिए 25 हजार नए आवास बनाए जाएंगे। सीएम हाउस में आयोजित पुलिस परिवार समागम कार्यक्रम में सीएम शिवराज ने ये बड़ी घोषणाएं की थी।
bhavtarini.com@gmail.com 
