वन राज्य मंत्री ने विकसित भारत संकल्प सभा एवं सेवा ज्योति यात्रा कार्यक्रम में की शिरकत
जयपुर। वन एवं जलवायु तथा पर्यावरण राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) संजय शर्मा की अध्यक्षता में बुधवार को अलवर स्थित नेहरू गार्डन में विकसित भारत संकल्प सभा एवं सेवा ज्योति यात्रा कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान वीसी के माध्यम से राष्ट्रीय कार्यक्रम से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं राज्य स्तरीय कार्यक्रम से मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के ओजस्वी उद्बोधन को जनप्रतिनिधियों, कार्यकर्ताओं, युवाओं, महिलाओं एवं आमजन ने आत्मीयता के साथ सुना।
संजय शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की 25 वर्षों की सेवा यात्रा ने राजनीति को जनसेवा और जनविश्वास को राष्ट्रनिर्माण की शक्ति बनाया। उन्होंने कहा कि गुजरात के मुख्यमंत्री से देश के प्रधानसेवक तक प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जीवन राष्ट्रसेवा के संकल्प को समर्पित रहा है। उन्होंने इस अवसर पर जिले की समस्त जनता की ओर से शुभकामनाएँ दी। उन्होंने कहा कि विकसित भारत का संकल्प केवल सरकार का संकल्प नहीं बल्कि प्रत्येक नागरिक की भागीदारी से साकार होने वाला राष्ट्रव्यापी अभियान है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश निरंतर विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है। सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं एवं विकास कार्यों का लाभ अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक पहुंचाना हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है।
उन्होंने कहा कि सेवा, सुशासन और विकास के मूल मंत्र के साथ प्रदेश में जनहित के कार्यों को गति दी जा रही है। विकसित भारत के निर्माण में युवाओं, महिलाओं, किसानों, श्रमिकों एवं समाज के प्रत्येक वर्ग की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने उपस्थित लोगों से आह्वान किया कि वे राष्ट्र निर्माण के इस अभियान से जुड़कर विकसित भारत के संकल्प को सशक्त बनाएं। उन्होंने कहा कि विकसित भारत का लक्ष्य तभी पूर्ण होगा, जब विकास का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचेगा। इसके लिए सरकार के साथ-साथ जनभागीदारी को भी मजबूत करना आवश्यक है।
सेवा ज्योति यात्रा ने दिया सेवा और राष्ट्र निर्माण का संदेश
कार्यक्रम के दौरान आयोजित सेवा ज्योति यात्रा सभा स्थल नेहरू गार्डन से आरआर कॉलेज सर्किल तक निकाली गई, जिसमें सेवा, समर्पण, राष्ट्रभक्ति एवं जनकल्याण का संदेश जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया गया। यात्रा में सहभागी लोगों ने विकसित भारत के निर्माण, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, सामाजिक समरसता तथा जनसेवा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।
कार्यक्रम में रामगढ़ विधायक सुखवंत सिंह, भपंग वादक पद्मगफूरुद्दीन मेवाती, अशोक गुप्ता, नगर निगम महापौर श्रीमती सुमनलता अग्रवाल, केंद्रीय सहकारी बैंक एवं क्रय-विक्रय समिति के अध्यक्ष संजय नरूका, सरस डेयरी के अध्यक्ष नितिन सांगवान, पूर्व विधायक जयराम जाटव, उप महापौर अजय पुनिया, पं. धर्मवीर शर्मा, बन्नाराम मीणा, घनश्याम गुर्जर, अजय अग्रवाल, ऋषिराज शर्मा, सतीश यादव, पं. जले सिंह, लक्ष्मी नारायण गुप्ता, देशराज खरेरा सहित जनप्रतिनिधिगण, पार्षदगण, युवा, महिला एवं बड़ी संख्या में आमजन मौजूद रहे।
bhavtarini.com@gmail.com
