वन राज्यमंत्री वन्यजीव रोग निगरानी पर आईबीसीए, विश्व बैंक कार्यशाला में पहुंचे
मानव-वन्यजीव संघर्ष में जान गँवाने वाले के परिजन को अब 10 लाख रुपये सहायता
जयपुर। वन एवं पर्यावरण राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री संजय शर्मा ने बुधवार को अंतरराष्ट्रीय बिग कैट एलायंस एवं विश्व बैंक के संयुक्त तत्वावधान में होटल सरोवर प्रीमियर में आयोजित तीन दिवसीय वन्यजीव रोग निगरानी पर आईबीसीए, विश्व बैंक की ‘वन हेल्थ’ राष्ट्रीय कार्यशाला में भाग लिया।
संजय शर्मा ने कहा कि केंद्रीय वन मंत्री भूपेन्द्र यादव के नेतृत्व में वन एवं वन्यजीव संरक्षण हेतु कृत संकल्पित होकर पूर्ण मनोयोग से काम किया जा रहा है। मनुष्य, पशुधन, वन्यजीव और पर्यावरण का स्वास्थ्य एक-दूसरे से जुडा है सलिए वन हेल्थ दृष्टिकोण वर्तमान समय की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि सरिस्का के कोर क्षेत्र में 29 गाँव बसे हैं, ऐसे में गाँव का रोग जंगल तक और जंगल का रोग गाँव तक आसानी से पहुँच सकता है। इसी को ध्यान में रखते हुए सरिस्का में कैनाइन डिस्टेंपर से बचाव हेतु रिजर्व के भीतर व आसपास के गाँवों में श्वान टीकाकरण की पहल की गई है। टाइगर रिजर्व के आसपास के गाँवों में पशुपालन विभाग के सहयोग से पशुधन और कुत्तों का टीकाकरण अभियान चलाया जाएगा तथा वन, पशुपालन और स्वास्थ्य विभागों के बीच समन्वय बढ़ाया जाएगा। उन्होंने मानव-वन्यजीव संघर्ष में जान गँवाने वालों के परिजनों की सहायता राशि बढ़ाकर 10 लाख रुपये किए जाने की जानकारी दी। साथ ही उन्होंने टाइगर रिजर्वों में वन्यजीव पशु चिकित्सकों का अलग कैडर बनाने तथा पशु चिकित्सा एवं वन्यजीव विज्ञान के विद्यार्थियों के लिए इंटर्नशिप व शोध के अवसर बढ़ाने का सुझाव भी दिया।
उन्होंने कहा कि वन्यजीव रोग निगरानी पर आयोजित इस तीन दिवसीय कार्यशाला के माध्यम से वन्यजीवों में होने वाले रोगों के निदानों के बारे में काफी अनुभव मिलेगा। उन्होंने कहा कि वन्यजीवों की प्रभावी मॉनिटरिंग करके ही उनके रोगों का निदान किया जा सकता है। सरिस्का टाइगर रिजर्व वर्ष 2004 में टाइगर की दृष्टि से शून्य के कगार पर पहुंच गया था। वन विभाग की कुशल मॉनिटरिंग, कडी मेहनत व वन्यजीव संरक्षण की भावना के अनुरूप कार्य करने का परिणाम है कि वर्तमान में 58 बाघ-बाघिन व शावकों के साथ गुलजार है तथा इनकी संख्या में निरन्तर वृद्धि हो रही है। उन्होंने कहा कि उन्होंने कहा कि राज्य पक्षी गोडावन के संरक्षण हेतु वन विभाग द्वारा उल्लेखनीय कार्य किया गया है तथा राज्य सरकार द्वारा 21 मई को गोडावन दिवस मनाने का निर्णय लिया गया है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा द्वारा वन क्षेत्र में वन्यजीव संरक्षण हेतु रेस्क्यू सेंटर व टाइगर रिजर्वों में वन्यजीवों के लिए स्पेशल सेंटर खोलने की घोषणा की है।
इस दौरान सेवानिवृत्त प्रधान मुख्य वन संरक्षक एवं पूर्व मुख्य वन्यजीव प्रतिपालक श्री आर.एन मेहरोत्रा ने कहा कि वन्यजीव रोगों की समय पर पहचान, वैज्ञानिक निगरानी तथा विभागों के बीच समन्वय पर बल दिया। श्री सौमित्र दास ने आईबीसीए की गतिविधियों की जानकारी देते हुए बताया कि यह कार्यशाला बड़ी बिल्ली प्रजातियों में रोग निगरानी हेतु क्षेत्रीय अधिकारियों की क्षमता बढ़ाने के उद्देश्य से आयोजित की जा रही है। डॉ. अनुपम जोशी ने वन हेल्थ के क्षेत्र में विश्व बैंक के सहयोग की जानकारी दी। मुख्य वन्यजीव प्रतिपालक श्री के.सी.ए. अरुण प्रसाद ने राजस्थान में वन्यजीव स्वास्थ्य एवं पशु चिकित्सा व्यवस्था को और मजबूत करने की आवश्यकता पर प्रकाश डाला।
सीसीएफ श्री संग्राम सिंह कटिहार ने बताया कि कार्यशाला में देश के 10 राज्यों से आए उप वन संरक्षकएवं वन्यजीव पशु चिकित्सक तथा सरिस्का बाघ परियोजना की टीम भाग ले रही है। 19 नवंबर को तकनीकी सत्रों में ग्लोबल टाइगर फोरम, राष्ट्रीय वन हेल्थ मिशन, राष्ट्रीय वन हेल्थ संस्थान, भारतीय वन्यजीव संस्थान , पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्रलय तथा अन्य संस्थानों के विशेषज्ञ बड़ी बिल्लियों में होने वाले रोगों, उभरते रोगजनकों, मानव, पशुधन, वन्यजीव इंटरफेस एवं संयुक्त रोग निगरानी जैसे विषयों पर मार्गदर्शन देंगे तथा पैनल चर्चा आयोजित होगी। 20 नवंबर को सरिस्का बाघ परियोजना में फील्ड प्रैक्टिकल आयोजित होंगे, जिनमें जैविक नमूना संग्रह एवं जैव-सुरक्षा, बड़ी बिल्लियों में रिमोट बायोप्सी, नमूनों का संरक्षण व परिवहन, शव परीक्षण (कारकस इन्वेस्टिगेशन) तथा शिकार एवं विषाक्तता के मामलों में फॉरेंसिक नमूना संग्रह का व्यावहारिक प्रदर्शन किया जाएगा। इसी दिन समापन सत्र के साथ कार्यशाला का समापन होगा। कार्यक्रम के अंत में सुश्री अर्चना भारद्वाज ने धन्यवाद ज्ञापित किया।
bhavtarini.com@gmail.com

