पर्यटन विभाग के प्रमुख शासन सचिव ने अल्बर्ट हॉल, हवामहल और जन्तर मन्तर का किया निरीक्षण

पर्यटकों के आकर्षण के लिए संग्राहलयों में डिस्प्ले हो जीवंत एवं आधुनिक: राजेश यादव
जयपुर। प्रमुख शासन सचिव पर्यटन, कला एवं संस्कृति, पुरातत्व एवं संग्रहालय राजेश यादव ने शुक्रवार को जयपुर के प्रमुख पर्यटन स्थल अल्बर्ट हॉल, हवामहल और जन्तर मन्तर का निरीक्षण किया। इस दौरान पर्यटन आयुक्त श्रीमती रूकमणी रियाड़, पुरातत्व एवं संग्राहलय निदेशक पंकज धरेन्द्र,अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी आमेर विकास एवं प्रबन्धन प्राधिकरण प्रतिभा डोटासरा, अतिरिक्त निदेशक (विकास), पर्यटन आनंद त्रिपाठी उपस्थित रहे।
प्रमुख शासन सचिव ने अल्बर्ट हॉल का निरीक्षण कर कहा कि राजस्थान की शानदार कला, संस्कृति और ऐतिहासिक महत्व की पुरा कलाकृतियों एवं वस्तुओं का आधुनिक रूप से संरक्षण कार्य किया जाए। उन्होंने निरीक्षण के दौरान अल्बर्ट हॉल संग्रहालय एवं उसके स्टोर में रखी लगभग 18 हजार पुरा कलाकृतियों और सामग्री का जीवंत प्रदर्शन करने उपायों पर कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने संग्रहालय की समस्त दीर्घाओं में लाईट की व्यवस्था सुनिश्चित करवाये जाने के निर्देश दिए। इसके साथ ही संग्राहलय को भव्य रूप से पुनर्जीवित करने के निर्देश दिए।