‘एक राज्य, एक चुनाव’ की भावना के अनुरूप राजस्थान के निर्वाचन प्रबंधन की सराहना
निकाय और पंचायतीराज चुनावों के सफल संचालन तथा नवाचारों पर दी बधाई
जयपुर। मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास ने रविवार को शासन सचिवालय स्थित राज्य निर्वाचन आयोग कार्यालय में राज्य निर्वाचन आयुक्त राजेश्वर सिंह से शिष्टाचार भेंट की। उन्होंने नगरीय निकाय एवं पंचायतीराज चुनावों की अब तक की प्रक्रिया के सफल, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण संचालन और निर्वाचन प्रबंधन में किए गए नवाचारों के लिए सिंह तथा आयोग की टीम को बधाई दी।
भेंट के दौरान ‘एक राज्य, एक चुनाव’ की व्यापक अवधारणा के संदर्भ में प्रदेश के निर्वाचन अनुभवों पर चर्चा हुई। राजस्थान में ‘एक राज्य, एक चुनाव’ के तहत नगरीय निकाय चुनाव दो चरण तथा पंचायतीराज चुनाव चार चरणों में आयोजित किए गए। इस व्यवस्था से मतदान केंद्रों पर पर्याप्त सुरक्षा बलों की उपलब्धता और प्रशासनिक संसाधनों का समुचित उपयोग सुनिश्चित करने में सहायता मिली।
नगरीय निकाय चुनावों में मतदान पिछली बार के 71.84 प्रतिशत से बढ़कर 73.56 प्रतिशत रहा। ग्राम पंचायत चुनावों में यह 82.86 से बढ़कर 83.72 प्रतिशत तथा जिला परिषद एवं पंचायत समिति चुनावों में 63.66 से बढ़कर 67.78 प्रतिशत रहा। मतदाता जागरूकता के लिए ‘एक शाम लोकतंत्र के नाम’ और ‘एक दीप लोकतंत्र के नाम’ जैसे कार्यक्रमों के साथ निबंध, काव्यपाठ, रंगोली तथा मतदाता संवाद आयोजित किए गए।
निर्वाचन प्रबंधन में तकनीक के उपयोग के तहत दौसा में कृत्रिम बुद्धिमत्ता आधारित ‘दौसा बॉट’ ने 1,142 अधिकारियों एवं कर्मचारियों के 16,762 प्रश्नों के उत्तर उपलब्ध कराए। जयपुर में वाहन अनुमति की ऑनलाइन व्यवस्था, चूरू एवं राजसमंद में वेबसाइट और क्यूआर कोड से निर्वाचन सामग्री की उपलब्धता तथा अभ्यर्थियों को नामांकन से पहले आवश्यक दस्तावेजों और प्रक्रियाओं का प्रशिक्षण देने जैसे नवाचार अपनाए गए।
हनुमानगढ़ एवं सवाईमाधोपुर में रिटर्निंग अधिकारियों और मतदान कार्मिकों के लिए दक्षता परीक्षण आयोजित किए गए। अलवर में कार्मिक कल्याण पोर्टल से निर्वाचन ड्यूटी के लिए कार्मिकों की उपलब्धता तथा मानदेय और भत्तों के भुगतान की निगरानी की गई। राज्य के संपूर्ण मतदान केंद्रों पर विद्युत आपूर्ति बाधित होने की स्थिति के लिए जनरेटर की वैकल्पिक व्यवस्था की गई।
मुख्य सचिव ने निर्वाचन कार्य में जिला प्रशासन, पुलिस, पर्यवेक्षकों, मतदान दलों और अन्य कार्मिकों के योगदान की सराहना की। उन्होंने शांतिपूर्ण मतदान और लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रदेश के मतदाताओं का भी अभिनंदन किया। इस अवसर पर राज्य निर्वाचन आयोग के अधिकारी एवं कर्मचारी भी उपस्थित रहे।
bhavtarini.com@gmail.com

