जयपुर पुलिस को मिले 10 नए पेट्रोलिंग वाहन
पुलिस थाना करधनी (पश्चिम) से हुआ फ्लैग ऑफ, झोटवाड़ा क्षेत्र के 10 थानों को मिले नए वाहन
जयपुर। जयपुर पुलिस की गश्त व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ एवं प्रभावी बनाने के उद्देश्य से रविवार को पुलिस थाना करधनी (पश्चिम) परिसर में 10 नए पेट्रोलिंग वाहनों का फ्लैग ऑफ समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री कर्नल राज्यवर्धन सिंह राठौड़ एवं पुलिस कमिश्नर जयपुर सचिन मित्तल ने फ्लैग ऑफ कर 10 नए पेट्रोलिंग वाहनों को रवाना किया।
मंत्री कर्नल राठौड़ ने कहा कि अपराध नियंत्रण में जयपुर पुलिस द्वारा सराहनीय कार्य किया जा रहा है। झोटवाड़ा विधानसभा क्षेत्र के 10 थानों को पेट्रोलिंग वाहन उपलब्ध कराए गए हैं। उन्होंने कहा कि पुलिस की कार्यक्षमता बढ़ाने और आमजन को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक संसाधन उपलब्ध करवाना हमारी प्राथमिकता है। पुलिस और आमजन के बीच बेहतर समन्वय एवं सहयोग से क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाया जा सकता है।
जयपुर पुलिस कमिश्नर सचिन मित्तल ने कहा कि नए पेट्रोलिंग वाहनों से विभिन्न थाना क्षेत्रों में पुलिस की गश्त व्यवस्था को मजबूती मिलेगी। इससे पुलिस की क्षेत्र में निगरानी, अपराध नियंत्रण तथा आपात परिस्थितियों में त्वरित पुलिस सहायता उपलब्ध कराने की क्षमता में भी वृद्धि होगी।
कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस आयुक्त, कानून एवं व्यवस्था डॉ. अजय सिंह, अतिरिक्त पुलिस आयुक्त (यातायात एवं प्रशासन) प्रदीप मोहन शर्मा, उपायुक्त (पश्चिम) प्रशांत किरण, सहित जयपुर पश्चिम जिले के अधिकारी एवं कार्मिक मौजूद रहे।
bhavtarini.com@gmail.com

