सिंधी संस्कृति की आध्यात्मिक विरासत, सामाजिक एकता और सांस्कृतिक गौरव का प्रतीक है दरिया पूजन: देवनानी
भगवान झूलेलाल के समक्ष की आराधना, पारंपरिक छेज़ और भक्ति संगीत में लिया भाग
देवनानी ने देखा दीव का फोर्ट, दीव के जिला कलेक्टर से की विकास से जुड़े विषयों पर चर्चा
जयपुर। राजस्थान विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने रविवार को दीव में सिंधी समाज (ऊना) द्वारा आयोजित वर्ल्ड सिंधी मेला-2026 के अंतर्गत आईएनएस खुकरी मेमोरियल में आयोजित पूजा बेहराणा साहिब कार्यक्रम में सहभागिता की। इस अवसर पर उन्होंने विधि-विधान के साथ दरिया पूजन कर भगवान झूलेलाल के प्रति श्रद्धा व्यक्त की तथा सिंधी समाज की समृद्ध आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक परंपराओं से जुड़े आयोजन में भाग लिया।
कार्यक्रम में भगवान झूलेलाल साहिब के समक्ष पारंपरिक छेज़ के साथ भक्ति संगीत एवं गीतों की प्रस्तुतियां दी गई। देवनानी ने उपस्थित श्रद्धालुओं एवं समाजबंधुओं के साथ इस सांस्कृतिक आयोजन में सहभागिता की। भारत के विभिन्न क्षेत्रों तथा विदेशों से आए सिंधी समाज के लोगों ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया। पारंपरिक वेशभूषा, लोकगीतों, संगीत और सामूहिक छेज़ ने आयोजन को विशिष्ट सांस्कृतिक स्वरूप प्रदान किया। इस अवसर पर समाज एवं विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले विशिष्ट व्यक्तियों का सम्मान भी किया गया।
देवनानी ने कहा कि भगवान झूलेलाल में सिंधी समाज की अटूट आस्था तथा दरिया पूजन की परंपरा उसकी सांस्कृतिक पहचान और आध्यात्मिक चेतना का अभिन्न अंग है। सिंधी समाज ने विस्थापन और अनेक ऐतिहासिक चुनौतियों के बावजूद अपनी भाषा, संस्कृति, संस्कारों और धार्मिक परंपराओं को अक्षुण्ण बनाए रखा है। विश्वभर में फैला सिंधी समाज अपनी उद्यमशीलता, सामाजिक समरसता और सांस्कृतिक मूल्यों के माध्यम से भारतीय सभ्यता की विशिष्ट पहचान को प्रतिष्ठित कर रहा है।
इस अवसर पर दीव के जिला कलेक्टर ने भी देवनानी से भेंट की। इस दौरान दीव के विकास, क्षेत्र की संभावनाओं तथा विकासात्मक गतिविधियों से संबंधित विषयों पर चर्चा हुई।
उल्लेखनीय है कि सिंधी समाज (ऊना) द्वारा आयोजित वर्ल्ड सिंधी मेला-2026 का उद्देश्य विश्वभर में निवासरत सिंधी समाज को एक साझा मंच प्रदान करना तथा उसकी भाषा, संस्कृति, परंपराओं और ऐतिहासिक विरासत का संरक्षण एवं संवर्धन करना है। आयोजन का भाव 'दुनिया जे सिंधियुन जो मेलो दरिया ते' सिंधी समाज की वैश्विक एकजुटता और सांस्कृतिक आत्मीयता को अभिव्यक्त करता है। कार्यक्रम के पश्चात विधानसभा अध्यक्ष देवनानी दीव से रवाना होकर अहमदाबाद पहुंचे।
bhavtarini.com@gmail.com

