बीकानेर हाउस में आयोजित दस दिवसीय तीजोत्सव-2026 हुआ समापन

बीकानेर हाउस में आयोजित दस दिवसीय तीजोत्सव-2026 हुआ समापन

जयपुर। नई दिल्ली के बीकानेर हाउस में आयोजित दस दिवसीय तीजोत्सव क्राफ्ट एवं फूड मेला सोमवार को पूरे हर्षोल्लास के साथ समाप्त हुआ। इस तीजोत्सव में राजस्थान के विभिन्न अंचलों से आए दस्तकारों, हस्तकलाकारों सहित विविध कलाओं के कलाकारों और खानपान के स्टॅाल्स पर लगभग 1 करोड़ 30 लाख रूपये से अधिक की रिकॉर्ड बिक्री हुई।
             
प्रमुख आवासीय आयुक्त रोहित कुमार ने उत्सव में लगे आर्टिजंस के उत्पादों की रिकाॅर्ड बिक्री पर उन्हें बधाई दी। उन्होंने बताया कि इस दस दिवसीय तीजोत्सव में इस बार प्रथम दिन से ही खूब भीड़ देखी गई। राजस्थान के हस्तशिल्प कलाकारों द्वारा बनाए गए उत्पादों, स्वादिष्ट व्यंजनों, सांस्कृतिक संध्याओं और पारंपरिक खेल प्रतियोगिताओं का दर्षकों ने खूब आनंद लिया।
               
रूडा के सलाहकार ओम प्रकाश ने बताया कि मेले में रूडा की तरफ से लगाएं गए 25 राजस्थानी हस्तशिल्प और परिधानों से जुड़े स्टॅाल्स पर लगे उत्पादों को आगंतुकों ने काफी पसंद कर खूब खरीदारी की। उन्होंने बताया कि पिछले वर्षो की अपेक्षा इस वर्ष इस दस दिवसीय मेले में रिकाॅर्ड बिक्री हुई।
             
राजीविका की सुअनुपमा सक्सेना ने बताया कि मेले में राजीविका के माध्यम से दिल्ली आए महिला स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी विभिन्न पुरस्कारों से सम्मानित इन कलाकारों द्वारा 15 स्टॅाल्स लगाए गए जिनमें हैंडब्लॅाक बेडशीट, सूट, साड़ियों, कंगन और ज्वैलरी, मोजड़ियां, लाख की वस्तुएं, चमड़े से बने सामान सहित राजस्थानी व्यंजनों के स्टॅाल्स पर खूब बिक्री हुई।
              
इसी प्रकार इस वर्ष तीजोत्सव में सरस के दुग्ध उत्पादों को लोगों ने काफी पसंद किया और लगभग 3 लाख रूपये से अधिक की खरीदारी की। विभिन्न जिला दुग्ध संघों से प्राप्त मिठाईयों में अलवर का कलाकंद, बीकानेर के रसगुल्ले, गुलाब जामुन, गाय का घी, छाछ, लस्सी पनीर और श्रीखंड ने लोगों मे अपनी अलग पहचान बनाई।
                              
इस अवसर पर संयुक्त आवासीय आयुक्त रिंकू मीना ने बताया कि इस बार उत्सव का केन्द्रीय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल, भागीरथ चौधरी, सांसद, राजस्थान के मुख्य सचिव, भारतीय प्रशासनिक सेवा, पुलिस सेवा, वन सेवा के अधिकारियों सहित केन्द्र एवं राज्य सरकार के कई उच्च अधिकारियों ने अवलोकन किया। जिनका स्वागत स्वंय प्रमख आवासीय आयुक्त रोहित कुमार ने किया। सभी ने राजस्थानी कला और संस्कृति के अद्भुत संगम रूपी इस मेले की प्रशंसा की।
               
उल्लेखनीय है कि 15 अगस्त से प्रारंभ हुए इस तीजोत्सव का शुभारंभ राजस्थान के प्रमुख आवासीय आयुक्त रोहित कुमार द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया। जिसमें तीज माता की सवारी, राजस्थानी प्रसिद्ध लोककलाकार कुतले खान के सूफी एवं राजस्थानी लोकगीतों का गायन, विभिन्न अंचलों से लोककलाकारों द्वारा दी गई सांस्कृतिक प्रस्तुतियां आकर्षण का केन्द्र रही।