विकसित भारत-जन सेवा अभियान 2026: कच्ची छत से पक्के आशियाने की ओर सुगरी की नई उम्मीद

विकसित भारत-जन सेवा अभियान 2026: कच्ची छत से पक्के आशियाने की ओर सुगरी की नई उम्मीद

जयपुर। किसी परिवार के लिए पक्का घर सिर्फ ईंट और सीमेंट की चारदीवारी नहीं बल्कि सुरक्षा, सम्मान और बेहतर भविष्य का भरोसा होता है। वर्षों से कच्चे और जर्जर मकान में रह रही जोधपुर जिले के डांगियावास की सुगरी पत्नी जस्सा राम के लिए यह सपना अब वास्तविकता में बदलने को है। विकसित भारत-जन सेवा अभियान 2026 में आयोजित विशेष शिविर में उन्हें प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण में पक्के आवास की स्वीकृति मिली।

सुगरी के लिए यह केवल एक सरकारी स्वीकृति नहीं बल्कि एक ऐसी नई शुरुआत है, जिसकी प्रतीक्षा उनके परिवार ने वर्षों से की थी। अब तक मानसून में छत से रिसता पानी, गर्मी में टूटी खिड़की से आती लू और दिसम्बर—जनवरी की शीत लहर, हर मौसम यातना था। 

सरकारी सेवा पहुँची गाँव की चौखट तक

डांगियावास का यह शिविर केवल योजनाओं की जानकारी देने तक सीमित नहीं रहा बल्कि आमजन की समस्याओं और उनके वास्तविक समाधान करने का मंच भी बना। एक ही स्थान पर विभिन्न विभागों की सेवाएँ उपलब्ध होने से ग्रामीणों को संबंधित कार्यालयों तक जाने की परेशानी कम हुई और मौके पर ही प्रकरणों के निस्तारण की कार्यवाही की गई।

इसी शिविर में गोरधन राम पुत्र कंवराराम के लिए भी वर्षों पुरानी समस्या के समाधान का रास्ता खुला। उनके खसरा संख्या 172 एवं 180 के हिस्से में दर्ज अशुद्धि के संबंध में राजस्व विभाग द्वारा आवश्यक प्रपत्र तैयार कर मौके पर ही शुद्धीकरण की कार्यवाही की गई।

एक ओर सुगरी को सुरक्षित आवास की दिशा में कदम मिला, तो दूसरी ओर गोरधन राम को भूमि अभिलेख से जुड़ी समस्या से राहत मिली। दोनों मामले अलग थे लेकिन समाधान का माध्यम एक ही था— गाँव में आयोजित जनसेवा शिविर, मंशा एक ही थी और रहेगी—भजनलाल सरकार की संवेदनशीलता और सुशासन के प्रति संकल्पबद्धता।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के विकसित भारत@2047 के विजन का लक्ष्य वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र के रूप में स्थापित करना है। विकसित भारत का यह व्यापक संकल्प तभी सार्थक होता है जब विकास की तस्वीर देश के गाँवों में भी दिखाई दे और योजनाओं का लाभ हाशिए पर खड़े पात्र व्यक्ति तक पहुँचे। सुगरी को पक्के आवास की स्वीकृति और गोरधन राम के राजस्व रेकार्ड का शुद्धीकरण इसका उदाहरण है।

उल्लेखनीय है कि भजनलाल सरकार 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक संचालित विकसित भारत-जन सेवा अभियान के तहत प्रदेशभर में विभिन्न गतिविधियों के साथ सेवा सेतु शिविरों का आयोजन कर रही है। अभियान का उद्देश्य जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी आमजन तक पहुँचाने, पात्र लोगों को योजनाओं एवं नागरिक सेवाओं से जोड़ने और स्थानीय स्तर पर लंबित प्रकरणों एवं परिवेदनाओं के निस्तारण को गति देना है। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में अभियान में विभागों के समन्वय और सेवा सेतु शिविरों के माध्यम से आमजन की समस्याओं के त्वरित निस्तारण पर विशेष जोर दिया जा रहा है।