फेन अभयारण्य में अब वयस्क मादा तेंदुआ की मौत
कान्हा टाईगर रिजर्व में थम नहीं रही बाघ - तेंदुआ की मौत का सिलसिला

मंडला - शनिवार को सुबह कान्हा टाईगर रिजर्व के अंतर्गत मण्डला जिले में स्थित फेन अभयारण्य में सामान्य गश्ती के दौरान साजालगान परिसर के प्रकोष्ठ क्रमांक 31 में सुबह लगभग 09.00 एक मादा तेंदुआ मृत पायी गयी, जिसकी उम्र लगभग 7 वर्ष है। गश्ती कर्मचारियों के द्वारा इसकी सूचना तत्काल संबधित उच्चाधिकारियों को दी गई। सूचना प्राप्त होते ही कान्हा टाईगर रिजर्व के क्षेत्र संचालक एल. कृष्णमूर्ति, उप संचालक एवं सहायक संचालक मौके पर पहुँचे। घटना स्थल का सूक्ष्म निरीक्षण करने पर अवैध शिकार को इंगित करने वाली किसी प्रकार की कोई संदिग्ध वस्तु अथवा निशान नहीं पाये गये। मृत तेंदुऐ की गर्दन एवं पेट पर केनाइन दांतों के गहरे निशान पाये गये एवं उसकी श्वास नली भी टूटी हुई थी। शरीर के अन्य भागों में भी चोट के निशान देखे गये। मृत तेंदुऐ के शरीर के समस्त अंग सुरक्षित थे। मृत मादा तेंदुये का शव परीक्षण राष्ट्रीय बाघ संरक्षण प्राधिकरण, नई दिल्ली द्वारा जारी किये गये स्टेन्डर्ड ऑपरेटिंग प्रोसिजर के अंतर्गत पशु चिकित्सक द्वारा किया गया, एवं आवश्यकतानुसार हिस्टोपैथोलाजिकल एवं फोरेंसिक जाँच हेतु अवयवों के विभिन्न नमूने जाँच हेतु एकत्रित किये गये। प्रथम दृष्टया यह प्रतीत होता है कि मादा तेंदुआ को किसी अन्य मांसाहारी वन्यप्राणी द्वारा मारा गया है।