bharat jodo yatra: राहुल गांधी ने किया महाकाल का दर्शन, सभा को संबोधित करते कहा किसानों की पूजा होनी चाहिए

brijesh parmar
उज्जैन। राहुल ने मंगलवार को दोपहर उपरांत श्री महाकालेश्वर मंदिर पहुंचकर भगवान श्री महाकालेश्वर का पूजन अर्चन अभिषेक किया।उनके साथ कांग्रेस के देश एवं प्रदेश के नेता थे। उन्होंने सोला धारण कर मंदिर के गर्भगृह में पूजन किया। इस दौरान वे अकेले ही गर्भगृह में रहे। दोपहर उपरांत मंदिर पहुंचे राहुल गांधी ने बाबा महाकाल के गर्भगृह में पहुंचकर जल एवं दुग्ध अभिषेक के साथ पूजन अर्चन किया।
पुजारी रमण त्रिवेदी ने पूजन अभिषेक करवाया। इस दौरान कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष कमलनाथ, सांसद नकुल नाथ, कांग्रेस नेता सुरेश पचौरी, जीतू पटवारी, जयवर्धन सिंह सहित स्थानीय विधायक नंदीहाल में मौजूद रहे।पूजन अर्चन के बाद नंदी के सामने आकर राहुल ने भगवान को दंडवत प्रणाम किया । खास बात यह रही की जन सभा स्थल पर भी राहुल मस्तक पर लगे त्रिपुंड के साथ नजर आए अभिषेक के दौरान उनके हाथों में कुमकुम और चंदन लगा था वो भी साफ तौर पर देखा जा रहा था।
मप्र में भारत जोड़ो यात्रा यात्रा के सातवें दिन मंगलवार को राहुल गांधी ने उज्जैन के महाकालेश्वर मंदिर में भगवान महाकाल के दर्शन और पंचामृत अभिषेक पूजन किया। यहां राहुल रुद्राक्ष की माला पहने नजर आए। उन्होंने धोती पहनकर महाकाल की पूजा की। वे 13 मिनट तक गर्भगृह में रहे। उन्होंने साष्टांग दंडवत होकर महाकाल को प्रणाम किया। साथ ही नंदी महाराज के कान में मनोकामना कही।
इस दौरान प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ भी उनके साथ थे। महाकाल मंदिर में दर्शन के बाद राहुल गांधी ने सामाजिक न्याय परिसर में सभा को संबोधित करते हुए कहा कि तपस्या किसान करता है, मजदूर करता है, हिन्दू धर्म कहता है कि तपस्वियों की पूजा होनी चाहिए, तो तपस्वियों की पूजा क्यों नहीं हो रही। जो तपस्या कर रहा है, सरकार उसके लिए कुछ नहीं करती। जो मोदी की तपस्या करते है, उन्हें सबकुछ मिल जाता है।
मोदी सरकार इन तपस्वियों के लिए कुछ नहीं करती
महाकाल की नगरी उज्जैन में सभा को संबोधित करते हुए राहुल गांधी ने एक बार फिर मोदी सरकार और भाजपा को निशाने पर लिया। उन्होंने तीन बार जय महाकाल बोलकर अपने भाषण की शुरुआत की। करीब 25 मिनट के अपने भाषण में राहुल गांधी ने कई बार तपस्वी और तपस्या शब्द का इस्तेमाल किया। राहुल गांधी ने कहा कि भारत देश तपस्वियों का देश हैं। हिन्दू धर्म में तपस्वियों की पूजा की जाती है। उनका आदर किया जाता हैं। राहुल गांधी ने गरीब, मजदूरों, किसानों, युवाओं और छोटे दुकानदार को असली तपस्वी बताया। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार इन तपस्वियों के लिए कुछ नहीं करती। लेकिन एक दो लोग जो मोदी जी की पूजा करते हैं, उन्हें सब मिल जाता है।
भगवान का अपमान करते हैं भाजपा के लोग
राहुल गांधी बोले- भाजपा के लोग भगवान के सामने हाथ जोड़ते हैं और फिर जो इस देश में तपस्या करते हैं उन्हें खत्म करते हैं। मतलब भगवान का अपमान करते हैं। किसान में भगवान हैं, मजदूर में भगवान हैं, छोटे दुकानदार में भगवान हैं। देश के इन असली तपस्वियों का अपमान हो रहा है।
नोटबंदी, जीएसटी ने रीढ़ की हड्डी तोड़ दी
नोटबंदी और जीएसटी को लेकर राहुल गांधी ने एक बार फिर मोदी सरकार पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी ने रात 8 बजे आकर नोटबंदी की थी और रात 12 बजे जीएसटी लागू किया। ये दोनों पॉलिसियां नहीं थी, बल्कि कैश फ्लो को खत्म करने के हथियार है। आज देश का नुकसान हो रहा है, युवाओं को रोजगार नहीं मिल रहा और मिल भी नहीं सकता। क्योंकि नोटबंदी, जीएसटी ने रीढ़ की हड्डी तोड़ दी।
किसानों, मजदूरों, युवाओं और मीडिया की यात्रा है भारत जोड़ो यात्रा
राहुल गांधी ने कहा कि भारत जोड़ो यात्रा कांग्रेस की यात्रा नहीं। हिंदुस्तान की यात्रा है। किसानों, मजदूरों, युवाओं और मीडिया की यात्रा है। सभी अपने अपने स्तर पर इसमें मदद कर रहे हैं।
भारत जोड़ो यात्रा संविधान की रक्षा के लिए है: कमलनाथ
कमलनाथ ने संबोधित करते हुए कहा कि राहुल जी आप जिस प्रदेश में आए वह बेरोजगारी, भ्रष्टाचार के साथ ही किसानों और महिलाओं के साथ अन्याय में नंबर वन है। भारत की संस्कृति जोडऩे की है, ये शहर (शहर) उसी संस्कृति का प्रतीक है। भारत जोड़ो यात्रा संविधान की रक्षा के लिए है, हमारे सामाजिक और सांस्कृतिक मूल्यों की रक्षा की यात्रा है। महाकाल मंदिर के लिए हमने साढ़े 3 सौ करोड़ दिए। मोदी जी आए जैसे उनकी योजना है। कमलनाथ ने कहा कि सौदे से हमारी सरकार गिरा दी। मैं भी सौदा कर सकता था, लेकिन मैंने ऐसा नहीं किया।
राहुल गांधी, पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ और दिग्विजय सिंह ने बच्चों के साथ डांस किया
मध्यप्रदेश में राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा का मंगलवार को सातवां दिन है। यात्रा अभी महाकाल की नगरी उज्जैन में है। इससे पहले उनकी यात्रा सुबह करीब साढ़े 6 बजे सांवेर से शुरू हुई। राहुल के साथ पूर्व सीएम कमलनाथ, दिग्विजय सिंह और जयराम रमेश समेत कांग्रेस के कई नेता और कार्यकर्ताओं ने पैदल मार्च किया। रास्ते में यात्रा ने मयंक जाट ढाबे पर टी ब्रेक लिया। यहां राहुल गांधी ने श्रीराम कॉन्वेंट हायर सेकेंडरी स्कूल खरसौद खुर्द बडऩगर के बच्चों के साथ चाय-नाश्ता किया। उन्होंने बच्चों से उनके भविष्य को लेकर बात भी की। टी ब्रेक के दौरान राहुल गांधी, पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ और दिग्विजय सिंह ने बच्चों के साथ डांस किया।
संत प्रज्ञा सागर महाराज जी से आशीर्वाद लिया
निनोरा में यात्रा का लंच ब्रेक हुआ। राहुल ने तपोभूमि में जाकर जैन संत प्रज्ञा सागर महाराज जी से आशीर्वाद लिया। इससे पहले कांग्रेस नेताओं ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस की। जिसमें कांग्रेस विधायक सज्जन सिंह वर्मा ने कहा कि महू में वकीलों ने राहुल गांधी को संविधान की किताब सौंपी थी। कहा था कि जिस तरह आज संविधान की आत्मा को जख्मी किया जा रहा हैं, उसके खिलाफ हम आपके साथ हैं। हमें भरोसा है संविधान की आत्मा को आप जख्मी नहीं होने देंगे। आज किसानों की बातों को गौण बना दिया गया है। पूरे देश में मंदिर-मस्जिद का माहौल बना दिया गया है।