भ्रम में न रहें भार्गव, भाजपा के 5 विधायक ज्वाइन करेंगे कांग्रेस: इमरती देवी

भ्रम में न रहें भार्गव, भाजपा के 5 विधायक ज्वाइन करेंगे कांग्रेस: इमरती देवी
भोपाल। कांग्रेस के युवा नेता ज्योतिरादित्य सिंधिया को पीसीसी चीफ बनाने की मांग करने वाली कमलनाथ सरकार की मंत्री इमरती देवी ने बड़ा बयान दिया है। शुक्रवार को दिल्ली से ग्वालियर पहुंची मंत्री इमरती देवी ने मीडिया के सवालों का जवाब देते हुए कहा कि नेताप्रतिपक्ष अन्य विधायकों से समर्थन क्यों मांग रहे हैं, वे चिंता ना करें शीघ्र ही भाजपा के चार पांच विधायक कांग्रेस को ज्वाईन कर सकते हैं। इसके पहले भी बीते सत्र मे दो भाजपा विधायकों ने कांग्रेस का साथ दिया था। बता दें कि मंत्री इमरती देवी ज्योतिरादित्य सिंधिया की कट्टर समर्थक मानी जाती हैं। मंत्री ने नेता प्रतिपक्ष गोपाल भार्गव के निर्दलीय व सपा, बसपा विधायकों से समर्थन मांगने के पर पलटवार करते हुए यह बात कही है। उन्होंने साफ तौर पर कहा है कि गोपाल भार्गव और भाजपा पहले अपने विधायकों को संभाले फिर दूसरों की बात करें। पार्टी में गुटबाजी के सवाल पर मंत्री ने कहा कि यह गुटबाजी नहीं पार्टी का लोकतंत्र है कि हर आदमी अपनी बात कर रहा है,यह गलत नहीं है। उन्होंने कहा कि कोई भ्रम में ना रहे , कमलनाथ की सरकार पांच साल आराम से चलेगी। उन्होंने सीएम कमलनाथ को एक अच्छा संचालक बताया।पीसीसी चीफ के मामले में अंतिम फैसला राहुल गंांधी और सोनिया गांधी को ही करना है।