BJP दिल्ली में अगले दो दिन बनाएगी मिशन 2022 की रणनीति, UP के सभी सांसदों संग सीएम योगी भी रहेंगे
लखनऊ
भारतीय जनता पार्टी के केंद्रीय नेतृत्व ने मिशन-2022 की तैयारियां जोरशोर से शुरू कर दी हैं। इसके तहत 28 व 29 जुलाई को यूपी के सभी सांसदों की दिल्ली में बैठक होगी। इस बैठक में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी शामिल होंगे। बैठक में केंद्र व यूपी सरकार के कामकाजों को आम लोगों के बीच लेकर जाने और जीत के लिए रणनीति बनेगी। भारतीय जनता पार्टी के एक वरिष्ठ पदाधिकारी ने बताया कि केंद्रीय नेतृत्व ने यूपी के सभी सांसदों को दिल्ली में ही रहने को कहा है। चूंकि संसद चल रही है लिहाजा यह बैठक दिल्ली में रखी गई है। बैठक में सांसदों को तीन-तीन क्षेत्रों के हिसाब से बुलाया गया है। 27 जुलाई को कानपुर-बुंदेलखंड, पश्चिम व ब्रज क्षेत्र के सांसदों को बुलाया गया है जबकि 29 जुलाई को अवध, काशी और गोरखपुर के सांसदों को बुलाया गया है। बैठक में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के अलावा राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा भी मौजूद रहेंगे।
इस बैठक में केंद्र सरकार की नीतियों को आम लोगों तक पहुंचाने के साथ ही सही ढंग से प्रचार- प्रसार पर भी मंथन होगा। बैठक में सांसदों से उनके जिले की योजनाओं के बारे में फीडबैक लिया जाएगा। वहीं विधासभा चुनाव-2022 के मद्देनज़र मंथन किया जाएगा। साथ ही जिलों में सरकार के कामकाज के बारे में भी जानकारी की जाएगी। माना जा रहा है कि बैठक में सांसदों को विधानसभा चुनावों के मद्देनज़र संपर्क कार्यक्रम व प्रचार की योजनाओं के बारे में भी जिम्मेदारी दी जाएगी। बैठक में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के अलावा महामंत्री संगठन सुनील बंसल, यूपी प्रभारी राधा मोहन सिंह, प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह आदि मौजूद रहेंगे।
bhavtarini.com@gmail.com 
