CG : सवर्ण आंदोलन के लिए आज बनेगी प्रदेश स्तरीय समिति
रायपुर।
छत्तीसगढ़ में सवर्ण आंदोलन को सुलगाने के लिए प्रदेश स्तरीय समिति का गठन गुरुवार को होगा। यह समिति आंदोलन की कार्ययोजना तैयार करेगी। इसके बाद हर जिले में भी समिति बनाई जाएगी, जो सवर्ण आंदोलन को हवा देने का काम करेगी।
ब्राह्मण समाज के नेता व वित्त आयोग के पूर्व अध्यक्ष विरेंद्र पांडेय और क्षत्रिय समाज के नेता राकेश सिंह बैस ने बताया कि प्रदेश स्तरीय समिति में लगभग दो दर्जन समाजों के लोगों को रखा जाएगा, ताकि अधिकाधिक समाज का आंदोलन में प्रतिनिधित्व बना रहे।
राज्य स्तरीय समिति के गठन के लिए रखी गई बैठक में आंदोलन की रूपरेखा पर भी चर्चा होगी। यह तो तय हो चुका है कि नौ सितंबर को दुर्ग से धरना-प्रदर्शन करके आंदोलन का आगाज किया जाएगा। इसके बाद हर जिले में आंदोलन की आग सुलगाई जाएगी, लेकिन इसके पहले सामान्य और ओबीसी वर्ग के समाज प्रमुखों के साथ हर जिले में बैठक होगी।
प्रदेश समिति के फैसलों को जिलों में आंदोलन का रूप देने का जिम्मा जिला समितियों का होगा। गुरुवार को होने वाली बैठक में पम्पलेट का प्रोफार्मा भी तय होगा। अभी यह फैसला लिया गया है कि हर सवर्ण के घर के बाहर पम्पलेट लगाया जाएगा, जिस पर एसटी-एएसी एक्ट के नए कानून को रद्द करने और सुप्रीम कोर्ट के आदेश को बहाल करने की मांग लिखी होगी।
पांडेय ने बताया कि गुरुवार को भारत बंद को समर्थन नहीं दे पाएंगे, क्योंकि इतनी जल्दी तैयारी नहीं हो सकती। जिन सवर्णों को अपने संस्थान या व्यापारिक प्रतिष्ठान बंद रखने हैं, वे स्वेच्छा से समर्थन दे सकते हैं।
bhavtarini.com@gmail.com

