चमकी बुखार: सुप्रीम कोर्ट ने बिहार सरकार से सात दिनों में जवाब मांगा

चमकी बुखार: सुप्रीम कोर्ट ने बिहार सरकार से सात दिनों में जवाब मांगा
मुजफ्फरपुर, बिहार में चमकी बुखार या एक्यूट इंसेफेलाइटिस सिंड्रोम (AES) से लगातार हो रही मौत के मामले में केंद्र और बिहार के स्वास्थ्य मंत्री की परेशानियां बढ़ती दिख रही हैं. केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री हर्षवर्द्धन और मंगल पांडे के खिलाफ दायर अर्जी पर निचली अदालत ने संज्ञान लिया है. कोर्ट ने दोनों नेताओं के खिलाफ जांच के आदेश दिए हैं. इस मामले की जांच ACJM करेंगे. अब इस मामले की सुनवाई 28 जून को होगी. बता दें कि मुजफ्फरपुर में लगातार हो रही बच्चों की मौत के बीच सामाजिक कार्यकर्ता तमन्ना हाशमी ने अर्जी दायर किया था. हाशमी ने बच्चों की मौत का जिम्मेदार दोनों मंत्रियों को बताते हुए CJM कोर्ट में परिवाद दाखिल किया था. सुप्रीम कोर्ट ने भी बिहार में हो रही बच्चों की मौत पर कड़ा रुख अख्तियार कर लिया है. चमकी बुखार से हो रही मौतों के बीच कोर्ट ने बिहार सरकार से सात दिनों में जवाब मांगा है. सुप्रीम कोर्ट ने इस मामले में केंद्र सरकार, बिहार सरकार और यूपी सरकार को नोटिस जारी किया है. बिहार से जुड़े मामले में सुप्रीम कोर्ट ने चिंता जाहिर की है और तीन मुद्दों पर जवाब मांगा है.