
भोपाल। मध्यप्रदेश में कोरोना संक्रमण के चलते बेकाबू होते हालात के बीच मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने सोमवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से बात की। सीएम ने रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह से भी फोन पर बात कर मदद मांगी है। सीएम ने पीएम एवं केंद्रीय मंत्री से फोन पर चर्चा के दौरान मध्यप्रदेश के मौजूदा हालात की जानकारी दी। सूत्रों के मुताबिक, मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने सेना के अस्पतालों को कोविड केयर सेंटर बनाने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय रक्षा मंत्री से फोन पर चर्चा की। शिवराज की पहल पर रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने मध्यप्रदेश के आर्मी अस्पतालों की सेवाएं संक्रमण काल में जनता के लिए खोलने का भरोसा दिया है। रक्षा मंत्री के आश्वासन के बाद मुख्यमंत्री प्रदेश के आर्मी के बड़े अफसरों से चर्चा करेंगे।
https://twitter.com/ChouhanShivraj/status/1384024695968657408
दरअसल, मध्यप्रदेश में कोरोना का संक्रमण तेजी से फैल रहा है। रोजाना 10 हजार से अधिक नए केस सामने आ रहे हैं। हालत यह है कि मध्प्रदेश में संक्रमण दर 22.8 फीसदी तक पहुंच गई है। कोरोना संक्रमित का आंकड़ा बढ़कर चार लाख को पार कर गया है। इसको देखते हुए प्रदेश सरकार रेलवे के बाद आर्मी की भी मदद लेने की तैयारी में है।
https://twitter.com/ChouhanShivraj/status/1384024697495453696
राजधानी भोपाल समेत प्रदेश के लगभग सभी जिलों में आर्मी के अस्पताल हैं। ऐसे में आर्मी अस्पताल कोरोना वायरस मरीजों के इलाज के लिए खोले जाते हैं, तो निश्चित तौर पर सरकार पर बढ़ रहे दबाव में कमी आने के साथ मरीजों को राहत मिलेगी।