कलेक्टर ने ग्रामीणों को दी शासकीय योजनाओं की जानकारी
आपकी सरकार आपके द्वार कार्यक्रम के तहत् उदयपुर में आयोजित हुआ शिविर
Syed Javed Ali
मण्डला - ’’आपकी सरकार आपके द्वार’’ कार्यक्रम के तहत जिला प्रशासन द्वारा बीजाडांडी विकासखण्ड के उदयपुर ग्राम में शिविर का आयोजन कर जनसामान्य की समस्याऐं सुनते हुए उनके निराकरण की कार्यवाही की गई। इस अवसर पर कलेक्टर डॉ. जगदीश चन्द्र जटिया ने कहा कि सरकार ने अभिनव पहल करते हुए ग्रामीणों की समस्याओं के निराकरण के लिए आपकी सरकार आपके द्वार कार्यक्रम संचालित किया है। इस कार्यक्रम के माध्यम से योजनाओं के क्रियान्वयन में होने वाली कठिनाईयों को चिन्हित किया जाकर उनका समुचित निराकरण किया जा रहा है। शासन द्वारा संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राही को समय-सीमा में दिलाना ही इस कार्यक्रम का प्रमुख उद्देश्य है। कलेक्टर श्री जटिया ने कहा कि आपकी सरकार आपके द्वार कार्यक्रम के प्रथम चरण के अंतर्गत जिला स्तर के अधिकारी किसी भी गांव में अचानक पहुंचकर विभागीय योजनाओं के क्रियान्वयन की जमीनी हकीकत जानना है एवं ग्रामीणों से प्रत्यक्ष चर्चा कर उनसे फीडबैक प्राप्त करना हैं। योजना के द्वितीय चरण में निर्धारित स्थल पर शिविर का आयोजन कर जनसामान्य को विभिन्न योजनाओं के संबंध में जानकारी दी जाती है। साथ ही जनसामान्य की समस्याओं को सुनते हुए उनके यथासंभव त्वरित निराकरण की कोशिश की जाती है। कलेक्टर डॉ. जगदीश चंद्र जटिया ने कहा कि शिविर में प्राप्त होने वाले आवेदनों के निराकरण की जिला एवं प्रदेश स्तर से मॉनिटरिंग की जाती है। कलेक्टर ने अपने उद्बोधन में लावरमुड़िया में प्राप्त हुई समस्याओं के निराकरण के संबंध में भी जानकारी दी।
उदयपुर में ग्रामीणों को संबोधित करते हुए कलेक्टर डॉ. जगदीश चंद्र जटिया ने कहा कि लावरमुड़िया में प्रधानमंत्री आवासों की योजनाबद्ध तरीके से बनाई जा रही कॉलोनी जिले के अन्य क्षेत्रों के लिए उदाहरण बनेगी। उन्होंने कहा कि लावरमुड़िया में प्रधानमंत्री आवास सहित अन्य निर्माण कार्यों को योजनाबद्ध तरीकों से किया जा रहा है जो बेहतर रणनीति को प्रदर्शित करता है। लावरमुड़िया में किए गए कार्यों की सराहना करते हुए कलेक्टर डॉ. जगदीश चंद्र जटिया ने कहा कि जिले के अन्य क्षेत्रों में भी इसी तरह बेहतर रणनीति बनाकर निर्माण कार्य कराना चाहिए। इस अवसर पर सीईओ जिला पंचायत तन्वी हुड्डा ने प्रधानमंत्री आवास एवं शौचालयों के कार्य जल्द से जल्द पूर्ण कराने का आव्हान किया। उन्होंने व्यक्तिगत एवं सामुदायिक स्वच्छता को जन अभियान बनाने की बात कही। सीईओ जिला पंचायत ने अपने उद्बोधन में आपके साथ आपका विकास कार्यक्रम के संबंध में भी जानकारी दी।
ग्रामीणों को दी गई योजनाओं की जानकारी -
शिविर में शिक्षा, कृषि, खाद्य, बिजली, वन, महिला एवं बाल विकास सहित अन्य हितग्राहीमूलक विभागों के अधिकारियों ने ग्रामीणों को शासन द्वारा संचालित कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी। अधिकारियों ने योजनाओं का लाभ लेने की प्रक्रिया तथा हितग्राही की पात्रता के संबंध में भी विस्तार से बताया। इस अवसर पर शिविर में प्राप्त आवेदनों के निराकरण की जानकारी दी गई तथा अनिराकृत आवेदनों के निराकरण के लिए समय सीमा निर्धारित की गई। कार्यक्रम में स्कूली छात्र-छात्राओं द्वारा आकर्षक सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। इस अवसर पर राष्ट्रीय तलवारबाजी सिलवर मेडल प्राप्त करने वाले छात्रों को सम्मानित किया गया।
ये रहे मौजूद -
शिविर में कलेक्टर डॉ. जगदीश चन्द्र जटिया, सीईओ जिला पंचायत तन्वी हुड्डा, संयुक्त कलेक्टर आशा कुशरे, जनपद अध्यक्ष अमका गौठरिया, उपाध्यक्ष हेमलता यादव, जिला पंचायत सदस्य पुसुवा सिंह उद्दे, सरपंच गैन्तीबाई परते सहित अन्य जनप्रतिनिधि, संबंधित अधिकारी तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण जन उपस्थित रहे।