कांकेर
अपने पुत्र के लिए नई मोटर साइकिल खरीदकर घर लौट रहे ग्रामीण को सामने से आ रही बाइक चालक ने तेज व लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए टक्कर मार दी, जिससे ग्रामीण के सिर पर गंभीर चोट आई और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। वहीं एक अन्य घटना में अनियंत्रित इनोवा पेड़ से जा टकराई, जिससे वाहन में सवार कुछ लोग घायल हो गए।
मिली जानकारी के अनुसार ग्राम चावड़ निवासी कनेसिंह मंडावी पिता दयाराम मंडावी अपने पुत्र भागवत के लिए नई मोटर साइकिल खरीदने के लिए भागवत व धर्मेंद्र कुमार कुर्से के साथ सोमवार को कांकेर आया हुआ था। नई मोटर साइकिल खरीदने के बाद कनेसिंह धर्मेंद्र कुमार कुर्से के साथ उसकी मोटर साइकिल सीडी डिलक्स सीजी 05 एसी 0635 में बैठकर वापस गांव लौट रहा था और उसका पुत्र भागवत नई मोटर साइकिल में उनके पीछे आ रहा था।
दोपहर लगभग तीन बजे ग्राम साल्हेटोला के पास पहुंचे थे कि मोड़ के पास सामने से आ रही मोटर साइकिल होंडा लियो के चालक हेमंत उइके ने तेज व लापरवाहीपूर्वक चलाते हुए धर्मेंद्र की मोटर साइकिल को टक्कर मार दी, जिससे कनेसिंह व धर्मेंद्र मोटर साइकिल से गिर गए और कनेसिंह के सिर पर गंभीर चोट आने से मौके पर ही कनेसिंह की मौत हो गई। घटना की सूचना पुलिस को दी गई।
पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। उप निरीक्षक संदीप कुमार ने बताया कि दुर्घटना में एक ग्रामीण की मौत हो गई है। आरोपी बाइक चालक के खिलाफ धारा 304ए के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया है।
सोमवार सुबह तेज रफ्तार अनियंत्रित इनोवा वाहन पेड़ से टकराकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई। बताया जा रहा है कि सोमवार रात दो बजे जगदलपुर की ओर से रायपुर की ओर जा रही इनोवा वाहन सीजी 04 जेके 5619 में सात लोग सवार थे।
गोविंदपुर के पास अचानक ही चालक को झपकी आ गई और वाहन सड़क से उतर कर पेड़ से जा टकराई। दुर्घटना में कुछ लोग घायल हो गए। जिन्हें जिला चिकित्सालय लाया गया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें रायपुर रिफर कर दिया। हालांकि दुर्घटना की अब तक पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज नहीं की है।