khemraj mourya
शिवपुरी। कोर्ट रोड़ स्थित शिवम हार्डवेयर के संचालक बॉबी बड़ाया और शिवम बड़ाया की मां 52 वर्षीय सपना बड़ाया सोनी टीव्ही पर सोमवार से शुक्रवार तक प्रसारित होनेे वाले कौन बनेगा करोड़पति सीरियल में हॉट सीट पर आने में सफल रही हैं। हॉट सीट पर आने वाली सपना बड़ाया ने कितनी राशि जीती है यह सीरियल के नियमानुसार उन्होंनेे बतानेे में असमर्थता जाहिर की है। सपना बड़ाया आज ही शिवपुरी वापस लौटी हैं। हॉट सीट पर सपना बड़ाया कौन बनेगा करोड़पति सीरियल में 4 और 5 नवम्बर को देखने को मिलेंगी। उक्त कौन बनेगा करोड़पति सीरियल का प्रसारण 4 और 5 नवम्बर को रात 9 बजे से सोनी टीव्ही पर देखने को मिलेगा।

श्रीराम कॉलोनी में निवास करने वाली सपना बड़ाया मूल रूप से प्रतापगढ़ उत्तरप्रदेश की रहने वाली हैं और शिवपुरी में उनकी ससुराल बड़ाय फैमिली में है। श्रीमति बड़ाया प्रसिद्ध व्यवसायी स्व. अशोक बड़ाया की धर्मपत्नि और बॉबी बड़ाया तथा शिवम बड़ाया की मां हैं। उच्च शिक्षित सपना बड़ाया शिवपुरी में रहकर लॉ अकेडमी चलाती हैं। कौन बनेगा करोड़पति में आने के लिए उन्होंने केबीसी की मई माह में प्रसारित आनलाइन क्विज में भाग लिया था जिसके बाद उनका सिलेक्शन हुआ और वह अगले टेस्ट के लिए भोपाल गईं। सपना बड़ाया बताती हैं कि भोपाल में उनके 70 प्रतिशत प्रश्र सही हुए थे, लेकिन उन्हें आशा नहीं थी कि वह अगले टेस्ट के लिए क्वालीफाई कर पाएंगी, परंतु उनका पूरे प्रदेश में दूसरा स्थान रहा और कौन बनेगा करोड़पति में फास्टेस्ट फिंगर टेस्ट में भाग लेने के लिए उनका चयन कर लिया गया। पिछले दिनों केबीसी की टीम ने शिवपुरी आकर उनसे संबंधित शूटिंग की। सपना बड़ाया मुम्बई के लिए 23 अक्टूबर को रवाना हुईं और 25 अक्टूबर को उनकी पहली शूटिंग हुई, लेकिन तब वह फास्टेस्ट फिंगर फस्र्ट में स्थान पाने में असफल रहीं, लेकिन दूसरी शूटिंग जो 28 अक्टूबर को हुई उसमें वह हॉट सीट पर आने में सफल रहीं। मुम्बई में उनके साथ उनके पुत्र शिवम बड़ाया, विद्या खण्डेलवाल, रूचि गर्ग बड़ाया, शिवानी बड़ाया और विनय जैन भी थे। सपना बड़ाया मुम्बई से आज ही अपने गृहनगर शिवपुरी वापिस लौटी हैं। केबीसी में शो का संचालन कर रहे प्रसिद्ध अभिनेता अमिताभ बच्चन से मिलकर पूरा परिवार अभिभूत है।