टीबी-मुक्त भारत अभियान: राज्य स्तरीय सम्मान समारोह एवं पीडियाट्रिक टीबी कार्यशाला आयोजित
जयपुर। टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत शुक्रवार को राज्य स्तरीय सम्मान समारोह एवं पीडियाट्रिक टीबी स्टेकहोल्डर कार्यशाला का आयोजन किया गया। इसमें टीबी उन्मूलन के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करने वाले अधिकारियों, कार्मिकों आदि को पुरस्कृत किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि निदेशक, जन स्वास्थ्य डॉ. रवि प्रकाश शर्मा ने अपने संबोधन में टीबी उन्मूलन हेतु बहु-क्षेत्रीय समन्वय, सामुदायिक सहभागिता तथा बाल स्वास्थ्य कार्यक्रमों के साथ पीडियाट्रिक टीबी के प्रभावी एकीकरण पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार टीबी मुक्त भारत के लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए पूर्णतः प्रतिबद्ध है तथा सभी हितधारकों की सक्रिय भागीदारी इस दिशा में अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने जमीनी स्तर पर कार्य को और सुदृढ़ करने, जनभागीदारी गतिविधियों के माध्यम से व्यापक जागरूकता फैलाने तथा चिन्हित उच्च जोखिम वाले गांवों में आयुष्मान आरोग्य शिविरों के माध्यम से टीबी जांच एवं उपचार सेवाओं को बढ़ाने पर भी विशेष बल दिया।
कार्यक्रम के दौरान उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले जिलों, एसटीसी, एसटीडीसी एवं डेवलपमेंट पार्टनर्स को सम्मानित किया गया। साथ ही राष्ट्रीय क्षय उन्मूलन कार्यक्रम (NTEP) की प्रगति, टीबी मुक्त ग्राम पंचायत अभियान तथा राज्य में टीबी-एआई समाधान की वर्तमान स्थिति पर विस्तृत प्रस्तुतियाँ दी गईं।
राज्य टीबी अधिकारी डॉ. पुरुषोत्तम सोनी ने सभी जिलों की समीक्षा करते हुए “टीबी मुक्त भारत अभियान – 100 दिवसीय” के सफल क्रियान्वयन हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए। राज्य नोडल अधिकारी टीबी मुक्त ग्राम पंचायत अभियान डॉ. एस.एन. धौलपुरिया ने टीबी मुक्त पंचायतों की संख्या बढ़ाने तथा निर्धारित लक्ष्यों की प्राप्ति हेतु आवश्यक निर्देश दिए।
कार्यशाला के दौरान पीडियाट्रिक टीबी के लक्ष्य, तकनीकी दिशानिर्देशों तथा आरबीएसके के अंतर्गत सहयोगात्मक ढांचे पर विशेषज्ञों द्वारा विस्तृत चर्चा की गई। जिला स्तर पर टीबी एवं बाल स्वास्थ्य कार्यक्रमों के बेहतर एकीकरण के लिए अनुभव साझा सत्र एवं समूह कार्य भी आयोजित किए गए।
कार्यक्रम के अंत में विभागीय लक्ष्यों पर चर्चा करते हुए सभी प्रतिभागियों ने टीबी उन्मूलन के लक्ष्य को समयबद्ध रूप से प्राप्त करने का संकल्प दोहराया। कार्यक्रम में स्वास्थ्य विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों, विकास भागीदारों, विभिन्न जिलों से आए टीबी अधिकारियों, जिला प्रजनन एवं शिशु स्वास्थ्य अधिकारियों तथा अन्य प्रतिनिधियों ने भाग लिया।
bhavtarini.com@gmail.com
