अलोचना के बाद विवि बोला, नंदिनी और स्वाति को अपने बजट से भेजेंगे हंगरी

रायपुर चारों ओर हो रही अलोचना के बाद खुद की साख बचाने के लिए पं. रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय प्रशासन ने आनन-फानन में बैठक बुलाकर खिलाड़ियों के हित में फैसला लिया है। 10 से 12 अगस्त तक शॉलनॉक हंगरी में आयोजित वर्ल्ड यूनिवर्सिटी कनो स्प्रींट चैंपियनशिप के लिए चयनित दोनों खिलाड़ियों का पूरा खर्च पं. रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय उठाएगा। सोमवार को विवि ने दोनों खिलाड़ियों के नाम चार लाख 32 हजार का बैंकड्रॉप जमा कर दिया है। कयाकिंग एंड केनोइंग गेम में भारतीय दल में आठ खिलाड़ियों का चयन किया गया है। रविवि से चयनित खिलाड़ी कौशल नंदिनी ठाकुर और स्वाति साहू मंगलवार 10 जुलाई की सुबह चंडीगढ़ में आयोजित कैंप में शामिल होने रवाना होंगी। वर्ल्ड यूनिवर्सिटी चैंपियनशिप के पूर्व देशभर से चयनित खिलाड़ियों के लिए विशेष कैंप आयोजित है। उल्लेखनीय है फंड की कमी बताकर विवि ने खिलाड़ियों को वर्ल्ड चैंपियनशिप में भेजने से इनकार कर दिया था। 'नईदुनिया' ने सोमवार को प्रकाशित अंक में रविवि की पोल खोल दी। पोल खुलते ही विवि ने खिलाड़ियों को भेजने का निर्णय लिया। कुलपति ने बैठक में लगाई फटकार पं. रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय के कुलपति केएल वर्मा ने विवि शारीरिक शिक्षा विभाग की बैठक बुलाई। बैठक में कुलपति ने जमकर फटकार लगाई। कुलपति ने बैठक में क्रीड़ा फंड को लेकर चर्चा की। जिसमें बताया गया कि विवि खेल विकास निधि के लिए एक करोड़ की राशि सुनिश्चित है। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार खेल विकास निधि के पैसे को दूसरे मत में खर्च कर दिया गया है। जिसकी वजह से शरीरिक शिक्षा विभाग ने फंड की कमी बताकर हाथ खड़े कर लिए थे। खिलाड़ियों के हित में आए लोग महापौर प्रमोद दुबे ने विवि के रवैये को लेकर नारजगी व्यक्त करते हुए दोनों खिलाड़ियों से मुलाकात कर उन्हें वर्ल्ड चैंपियनशिप में आने वाले खर्च को देने आश्वासन दिया। वहीं खिलाड़ियों कांग्रेस स्पोर्ट्स सेल के अध्यक्ष प्रवीण जैन सहित अन्य पदाधिकारियों ने विवि के खिलाफ आक्रोश जाहिर किया। सोमवार को सभी कुलपति से मिलने पहुंचे। इसके बाद विवि ने खिलाड़ियों का खर्च उठाने की बात कही। छत्तीसगढ़ छात्र संगठन ने विवि के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। कौशल नंदिनी और स्वाति दोनों के नाम दो-दो गोल्डः अखिल भारतीय विश्वविद्यालय केनो प्रतियोगिता में कौशल नंदिनी ठाकुर और स्वाति साहू ने अलग-अलग इवेंट में दो-दो गोल्ड मेडल जीते। वहीं नंदिनी ने तीन सिल्वर और एक कांस्य पदक पर कब्जा जमाया। स्वाति दो गोल्ड के साथ एक सिल्वर जीता। खिलाड़ियों ने कहा-टूट गया था सपना : वर्ल्ड चैंपियनशिप के लिए चयनित खिलाड़ी कौशल नंदिनी ठाकुर ने कहा कि विवि के मना करने के बाद खेलने का सपना टूट गया था। जैसे-जैसे समय बीतता जा रहा था हौसला भी टूटने लगा था। लेकिन सभी का सहयोग मिला तो विवि ने अंतिम समय में खर्च उठाने का फैसला लिया। विवि के इस फैसले ने एक बार फिर सपनों को पंख दे दिए हैं। अब बारी है उड़ान भरने की। वर्ल्ड चैंपियनशिप में रविवि और प्रदेश के नाम का परचम दुनिया भर में लहराएंगे। विवि उठाएगा खर्च सोमवार को हुई बैठक में विश्वविद्यालय के खेल विभाग और विवि प्रशासन ने खिलाड़ियों को प्राथमिकता देते हुए आने वाले खर्च को उठाने की जिम्मेदारी ली है। यह विवि के गर्व की बात है। - विपिन शर्मा, संचालक, शारीरिक शिक्षा, रविवि